फलों के राजा आम का सीजन राजधानी में शुरू हो चुका है, लेकिन इस बार मौसम के उतार-चढ़ाव का असर इसकी आवक और कीमतों पर साफ दिखाई दे रहा है। एशिया की सबसे बड़ी फल-सब्जी मंडी आजादपुर में दक्षिण भारत के विभिन्न क्षेत्रों से आम की खेप पहुंचने लगी है। फिलहाल मंडी में रोजाना करीब 50 से 55 गाड़ियां आम लेकर पहुंच रही हैं, जिनमें कच्चे और पके दोनों तरह के आम शामिल हैं।
व्यापारियों के अनुसार, इस समय आम के थोक दाम 70 से 100 रुपये प्रति किलो के बीच बने हुए हैं। कीमतें आम की किस्म और आकार के आधार पर तय हो रही हैं। दक्षिण भारत के वारंगल, विजयनगर और आंध्र प्रदेश के अनंतपुर से ‘सफेदा’, ‘पेरी’, ‘तोता पुरी’ और ‘बंगनपल्ली’ जैसी किस्मों की आवक शुरू हो चुकी है। पके आमों में ‘सफेदा’ की सबसे अधिक आमद हो रही है।
आजादपुर मंडी के व्यापारी सोनू ने बताया कि रोजाना 30-35 गाड़ियां कच्चे आम और 20-25 गाड़ियां पके आम की पहुंच रही हैं। ‘दशहरी’ और ‘हमाम’ आम भी सीमित मात्रा में आ रहे हैं, जिसके चलते इनके दाम अपेक्षाकृत अधिक हैं। ‘दशहरी’ आम थोक में करीब 120 रुपये प्रति किलो और ‘हमाम’ 200 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है।
पिछले साल की तुलना में इस बार आम की आवक कम
मंडी के एक अन्य व्यापारी विजय टालरा के अनुसार, पिछले साल की तुलना में इस बार आम की आवक कम है और कीमतें 10-15 फीसद तक अधिक बनी हुई हैं। इसका मुख्य कारण मौसम में लगातार बदलाव के चलते फसल का देरी से तैयार होना और उत्पादन में कमी आना है।
व्यापारियों का कहना है कि अगले सप्ताह से तिरुपति, वारंगल और विजयवाड़ा से आम की आवक तेज होने की उम्मीद है, जिससे कीमतों में गिरावट आ सकती है। वहीं उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर से आम की आवक मई के अंतिम सप्ताह से शुरू होने का अनुमान है।
मौसम अनुकूल रहा तो इस बार आम की फसल सामान्य रह सकती है
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि मौसम अनुकूल रहा तो इस बार आम की फसल सामान्य रह सकती है। आवक बढ़ने के बाद ‘दशहरी’ आम के दाम 40-50 रुपये प्रति किलो तक आने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल उपभोक्ताओं को दक्षिण भारत के आमों का स्वाद चखने का मौका मिल रहा है, लेकिन असली राहत मई के अंत तक मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: आम के साथ बिल्कुल भी न खाएं ये 5 चीजें
आयुर्वेदिक विशेषज्ञों के मुताबिक कुछ खाद्य पदार्थ आम के साथ मिलकर ‘विरुद्ध आहार’ बन जाते हैं, जिससे स्किन एलर्जी, एसिडिटी और पेट की अन्य समस्याएं हो सकती हैं। आइए जानते हैं कि वो कौन सी 5 चीजें हैं जिन्हें आम के साथ खाने से आपको परहेज करना चाहिए। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
