उत्तर प्रदेश पुलिस ने कन्नौज जिले में सुखबीर सिंह नामक युवक को कथित तौर पर अपनी पत्नी को जिंदा जलाकर मारने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पीटीआई को बताया कि सुखबीर ने कथित तौर पर अपनी पत्नी को कुर्सी से बांधा और फिर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। सुखबीर को अपनी पत्नी पर किसी अन्य युवक से अफेयर होने का शक था।

कहां है मामला? – यह मामला छिबरामऊ पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले जगतपुर गांव का है। सुखबीर पर आरोप है कि वह घटना को अंजाम देने के बाद अपने दोनों बच्चों (सात साल का बेटा और पांच साल की बेटी) को लेकर फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आग बुझने के बाद मौके से सुखबीर की पत्नी का कंकाल बरामद कर लिया है।

2015 में हुई थी शादी

कन्नौज के SP विनोद कुमार ने बताया कि सुखबीर ने साल 2015 में लव मैरिज की थी। वह हरियाणा के हिसार में मजदूरी करता था और घटना से दो दिन पहले ही घर वापस लौटा था। इसके बाद से ही उसका अपनी पत्नी से विवाद हो रहा था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सुखबीर को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ कर रही है।

छिबरामऊ पुलिस थाने के SHO कपिल दूबे ने कहा कि सुखबीर को शक था कि उसकी पत्नी का किसी स्थानीय युवक के साथ अफेयर है और इसी वजह से उसने अपनी पत्नी पर नजर रखना शुरू कर दिया। उन्होंने आगे कहा कि यह शक तब और बढ़ गया, जब उसने अपनी पत्नी को किसी युवक से फोन पर बात करते पकड़ लिया।

सुबह सात बजे पत्नी को जलाया

SHO ने बताया कि सुखबीर पर आरोप है कि उसने सुबह करीब सात बजे अपनी पत्नी को कुर्सी से बांधा और उसपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इसके बाद शोर-शराबा सुनकर और घर को लपटों से घिरा देखकर ग्रामीण मौके पहुंचे और उन्होंने पुलिस व दमकल विभाग को सूचित किया।

कन्नौज के एसपी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस को इस घटना की जानकारी सुबह करीब 8.45 बजे मिली। इसके तुरंत बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि दमकल टीम को आग पर काबू पाने में करीब डेढ़ घंटे का समय लगा। घर में प्रवेश करने पर उन्हें सुखबीर की पत्नी का कंकाल मिला। छिबरामऊ के SHO ने पीड़िता की पहचान की पुष्टि की है।

यह भी पढ़ें: कमरे में थे पूर्व सपा नेता नवाब सिंह यादव और नाबालिग, बुआ कर रही थी पहरेदारी; कन्नौज रेपकांड में बड़ा खुलासा