Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 27 साल के लड़के को सिर्फ इसलिए पीट-पीटकर मार डाला गया क्योंकि उसने एक एक युवक और युवती के स्कूटर की सवारी करते समय “अश्लील हरकतें” करने और “किस” करने पर आपत्ति जताई थी। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान विराट मिश्रा के तौर पर हुई है। वह एक जिम में ट्रेनर के तौर पर काम करता था।
पुलिस ने बताया कि घटना दो दिन पहले की है। घायल विराट मिश्रा को शनिवार की घटना के बाद पूर्वी दिल्ली स्थित जीटीबी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां दो दिन बाद उसकी मौत हो गई।
गाजियाबाद पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह घटना साहिबाबाद स्थित लाजपत राय कॉलेज के नजदीक हुई। विराट मिश्रा यहीं एक जिम में ट्रेनर के तौर पर काम करता है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि 4 मार्च को हमें दोपहर डेढ़ बजे के करीब घटना की सूचना मिली। हमने उसी दिन 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि घटना के आरोपियों की पहचान मनीष कुमार, मनीष यादव, गौरव कसाना, आकाश, पंकज और विपुल कुमार के रूप में हुई। इनमें से तीन गाजियाबाद से हैं जबकि तीन बागपत से हैं। इन सभी की उम्र 20 से 22 साल के बीच है। इन आरोपियों में से चार एलआर कॉलेज के स्टूडेंट हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना के शिकायतकर्ता और चश्मदीद ने पुलिस को बताया कि विराट मिश्रा की मनीष कुमार से बहस हुई। मनीष लड़की को स्कूटर चलाना सीखा रहा था। विराट मिश्रा ने उससे कहा कि रिहायशी इलाके में अश्लील हरकतें न करें। इसके बाद मनीष कुमार ने अपने तीन-चार दोस्तों को बुला लिया और विराट मिश्रा पर डंडों और ईटों से हमला कर दिया।
ACP साहिबाबाद भास्कर वर्मा ने बताया कि इस घटना के मामले में IPC की धारा 307 (हत्या का प्रयास), 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 147 (दंगा), 506 (आपराधिक धमकी) और 149 (गैरकानूनी सभा) के तहत FIR दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि सभी 6 आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। हम पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे है।