उड़ते हुए प्लेन का खोलने लगा आपातकालीन दरवाजा, छीना-झपटी में घायल हो गए यात्री और क्रू मेंबर
शख्स की पहचान 32 साल के आफताब अहमद के रूप में हुई है, जो रांची का रहने वाला है

दिल्ली से एयरएशिया की फ्लाइट में चढ़े एक शख्स ने प्लेन के लैंड करने से पहले ही इसका इमरजेंसी दरवाजा खोलने की कोशिश की। इस दौरान शख्स को रोकने में जुटे क्रू मेंबर के लोग घायल हो गए। घटना सोमवार रात की बताई जा रही है। दिल्ली से रवाना हुआ प्लेन झारखंड के रांची एयरपोर्ट पर लैंड होना था। हिन्दुस्तान टाइम्स की खबर के मुताबिक, शख्स की पहचान 32 साल के आफताब अहमद के रूप में हुई है। शख्स को रोकने के चक्कर में क्रू मेंबर और कुछ सहयात्रियों के अलावा, खुद आफताब भी घायल हुआ।
अहमद रांची का रहने वाला है और विमान लैंड होने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। दरअसल एयरएशिया की फ्लाइट संख्या I5-546 दिल्ली से रांची होते हुए कोलकाता जा रही थी। सोमवार रात करीब 9.50 बजे सीट नंबर 24-ए पर बैठा अहमद अचानक उठा और प्लेन का एक आपातकालीन दरवाजा खोलने की कोशिश करने लगा। हाल ही में प्लेन में यात्रियों के उपद्रव की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
दो दिन पहले ही खबर आई थी कि चीन जा रही डेल्टा एयरलाइंस की फ्लाइट में उस समय अटेंडेंट को यात्री के सिर पर वाइन की दो बोतल फोड़नी पड़ी थी जब वह उड़ान के बीच में ही दरवाजा खोलने लगा था। इसके बाद दरवाजा आरोपी जोसफ डेनियल को हिरासत में लिया गया और फ्लाइट को वापस लौटना पड़ा था। जानकारी के मुताबिक, मामला उस समय बिगड़ा जब फर्स्ट क्लास पैसेंजर जोसफ डेनियल ने प्लेन का दरवाजा खोलने के लिए इसका हैंडल पकड़ लिया था। वह उसे रोकने आई फ्लाइट अटेंडेट और सहयात्रियों को भी लगातार घूसे मार रहा था। इसके बाद एक अन्य फ्लाइट अटेंडेंट ने उसके सिर पर बोतल दे मारी।
ऐसी ही एक घटना की पुरानी वीडियो:
इसके अलावा, मई महीने में दिल्ली जा रही एक फ्लाइट में रूसी यात्री बीच सफर में ही दरवाजा खोलने की कोशिशकरने लगा था। फ्लाइट जैसे ही इंदिया गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड हुई, आरोपी को पुलिस की हिरासत में दे दिया गया था।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।