Maharashtra: मोबाइल पर पाकिस्तानी शो देख रही थी पत्नी, पति ने गुस्से में काट दिया उसका अंगूठा
पुणे में एक पत्नी को पाकिस्तानी शो देखना भारी पड़ गया और गुस्से में पति ने पत्नी का अंगूठा काट दिया। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुणे में एक पुरुष ने अपनी पत्नी पर सिर्फ इसलिए हमला कर दिया क्योंकि वह फोन पर पाकिस्तानी शो देख रही थी और अपने पति की बात पर ध्यान नहीं दे रही थी। पति ने गुस्से में अपनी पत्नी का एक अंगूठा काट दिया। लेकिन पीड़ित महिला ने अपने शिकायती पत्र में कुछ और बताया है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।
क्या है पूरा मामला: पूरा मामला पुणे के सैलिसबरी पार्क इलाके का है और आरोपी का नाम है आसिफ सत्तार नायब। पुलिस ने बताया कि महिला ने अपने बेटे को एक दुकान से दूध लाने के लिए भेजा था लेकिन जब महिला ने देखा कि दूध की थैली खराब हो गई है तो वो उसे डांटने लगी। ऐसे में पत्नी की तेज आवाज सुन पति आ गया और दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। जिसके बाद पति ने उस पर हमला कर दिया।
महिला ने शिकायत में क्या कहा: वही महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि जब उसका पति आसिफ काम खत्म कर घर आया तो उसने किसी बात पर झगड़ा करना शुरू कर दिया लेकिन उसने देखा की पत्नी किसी भी बात का जवाब नहीं दे रही है और वे बेडरूम में चली गई। ऐसे में जब आरोपी पति बेडरूम पहुंचा तो उसने देखा कि पत्नि मोबाइल पर पाकिस्तानी नाटक देख रही है। इस बात से वो गुस्से में आ गया और हमला कर दिया। जिसमें महिला के दाएं हाथ का अंगूठा कट कर अलग हो गया।
शोर सुन पड़ोसियों ने की मदद: अंगूठा कटने के बाद महिला का शोर सुन पड़ोसियों ने महिला की मदद की और उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। वहीं पुलिस को भी इस मामले की जानकारी दी गई।