झारखंड के रांची में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान झारखंड के बोकारो जिले के निवासी विश्वजीत कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद विश्वजीत कुमार को गिरफ्तार किया गया।
कोतवाली थाना प्रभारी सनोज चौधरी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”विश्वजीत कुमार के खिलाफ प्रदर्शनकारियों को भड़काने और मुख्यमंत्री को धमकी देने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया है।”
सीएम सोरेन के खिलाफ की थी आपत्तिजनक टिप्पणियां
थाना प्रभारी सनोज चौधरी ने बताया कि आरोपी ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ कुछ आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में नौकरियों के अभ्यर्थी भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
वीडियो फुटेज खंगाल रही पुलिस
इस बीच, विधानसभा मार्च के दौरान हुई हिंसा में शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान के लिए पुलिस वीडियो फुटेज खंगाल रही है। मार्च के दौरान सुरक्षाकर्मियों के साथ प्रदर्शनकारियों की झड़प हो गई थी और इसके बाद 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। प्रदर्शनकारियों ने हिंसा के संबंध में एफआईआर दर्ज करने को लेकर रांची जिला प्रशासन की आलोचना की हैं। उन्होंने कहा है कि ‘तिरंगा यात्रा’ उनके आंदोलन को और मजबूत करेगी।
आंदोलन को मकसद से भटकाने की कोशिश- महतो
इस बीच, आंदोलन के समर्थन में अनशन करने वाले देवेंद्र महतो ने दावा किया कि उन्होंने अस्पताल प्रशासन और सिविल सर्जन से कई बार आग्रह किया कि उन्हें जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम लौटने दिया जाए लेकिन उन्हें इसकी इजाजत नहीं दी गई। उन्होंने आरोप लगाया, “कुछ लोग मुझे विरोध-प्रदर्शन वाली जगह से दूर रखकर इस आंदोलन को उसके मकसद से भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।”
झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी)-झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) रिफॉर्म मंच के बैनर तले प्रदर्शन कर रहे छात्र भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, कई परीक्षाओं को रद्द करने और सीबीआई या राज्य के बाहर के रिटायर्ड जजों की समिति से गड़बड़ियों की जांच कराने की मांग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- ‘छात्रों की मांग को लेकर देशभर में होगा आंदोलन’
झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा विवाद को लेकर चल रहे आंदोलन को ABVP ने समर्थन दिया है। ABVP ने कहा है कि ABVP झारखंड के स्टूडेंट्स के मुद्दे पर 1200 से अधिक यूनिवर्सिटी में प्रदर्शन करेगी। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
