पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी में बहुत बड़ी टूट होने की आशंका है। टीएमसी के 14 सांसदों ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात की है। इस मुलाकात के दौरान पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद रहे।
इससे थोड़ी देर पहले ही सुखेंदु शेखर रॉय ने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद टीएमसी को लगातार झटके पर झटके लग रहे हैं। अगर 14 लोकसभा सांसद टीएमसी छोड़कर बीजेपी के साथ चले जाते हैं तो पश्चिम बंगाल में टीएमसी की कमर टूट सकती है क्योंकि 80 में से 58 विधायक पहले ही पार्टी नेतृत्व को बगावती तेवर दिखा चुके हैं।
सूत्रों के मुताबिक, टीएमसी के 28 लोकसभा सांसदों में से लगभग 20 सांसद पार्टी नेतृत्व की पहुंच से बाहर हैं। पार्टी में बड़ी टूट की आशंका ऐसे समय में सामने आई है जब ममता बनर्जी इंडिया गठबंधन की बैठक में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली आई हुई हैं।
यह भी कहा जा रहा है कि बागी सांसद दो विकल्पों पर चर्चा कर रहे हैं। पहला- वे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र भेजकर यह मांग करेंगे कि उन्हें ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी के नेतृत्व वाले संसदीय दल से अलग समूह के रूप में मान्यता दी जाए। दूसरा विकल्प यह है कि वे सामूहिक इस्तीफा दे दें।
टीएमसी सांसदों ने की बैठक
उधर, टीएमसी सांसदों के एक गुट ने भविष्य की रणनीति और पार्टी से अलग होकर नया समूह बनाने की संभावना पर चर्चा करने के लिए सोमवार को बैठक की है। बैठक में राज्यसभा और पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा देने वाले सुखेंदु शेखर रॉय, तृणमूल के लोकसभा सांसद प्रसून बनर्जी, शर्मिला सरकार, जगदीश चंद्र बसुनिया, कालीपद सरन खेरवाल और अरूप चक्रवर्ती भी मौजूद थे। मीडिया से बातचीत में रॉय ने कहा कि उन्होंने राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन से मुलाकात कर उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया है।
यह साफ दिख रहा है कि टीएमसी के लिए आने वाला वक्त बेहद मुश्किल हो सकता है और ऐसे में ममता बनर्जी को पार्टी को बचाने के लिए बहुत बड़े स्तर पर कदम उठाने होंगे।
‘मौसम बदल रहा है ना…’, बोल कर हंस पड़े CM शुभेंदु अधिकारी
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल में अवैध प्रवासियों के खिलाफ केंद्र की सख्त कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा, “बंगाल में मौसम बदल रहा है।” यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
