बीएमसी चुनावों से पहले बीजेपी के लिए फायदा, बॉलीवुड एक्टर दलीप ताहिल और पूर्व कांग्रेसी विधायक हुए शामिल
दोनों ने 21 फरवरी को बृहन्मुंबई नगरपालिका के चुनावों से लगभग महीने भर पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस और प्रदेशाध्यक्ष रावसाहेब दानवे की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ली।

महाराष्ट्र से पूर्व कांग्रेसी विधायक कृष्णा हेगड़े और बॉलीवुड एक्टर दलीप ताहिल भाजपा में शामिल हो गए हैं। दोनों ने 21 फरवरी को बृहन्मुंबई नगरपालिका के चुनावों से लगभग महीने भर पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस और प्रदेशाध्यक्ष रावसाहेब दानवे की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ली। कांग्रेस छोड़ने के सवाल पर हेगड़े ने कहा कि मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम इसके लिए जिम्मेदार हैं। उनका रवैया तानाशाह जैसा है। हेगड़े ने कहा, ”मैंने पार्टी नेतृत्व को बताने की कोशिश करी कि निरुपम किस तरह से पार्टी को नुकसान पहुंचा रहे हैं। लेकिन मेरी अर्जी पर कोई संज्ञान नहीं लिया गया।” हेगड़े विले पार्ले सीट से विधायक रह चुके हैं। उन्होंने आगे कहा, ”मैं दूसरी पीढ़ी का कांग्रेसी हूं। निरुपम ने पार्टी को बर्बाद कर दिया। बीएमसी चुनावों में कांग्रेस को 227 सीटों में 25 से ज्यादा सीट नहीं मिलेगी।”