मां की मौत के बाद कथित तौर पर पिता करता रहा बेटी से रेप, 3 बार गिराया गर्भ
बीस वर्षीय एक लड़की से उसके पिता ने कथित तौर पर कई साल बलात्कार किया जिससे उसे तीन बार गर्भपात कराना पड़ा। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

बीस वर्षीय एक लड़की से उसके पिता ने कथित तौर पर कई साल बलात्कार किया जिससे उसे तीन बार गर्भपात कराना पड़ा। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। तुलिंज पुलिस थाना के निरीक्षक प्रकाश बिराजदार ने कहा कि पेशे से हकीम 47 वर्षीय व्यक्ति 2011 में अपनी पत्नी के निधन के बाद से अपनी बेटी का बलात्कार करता रहा।
पीड़ित लड़की की शिकायत के मुताबिक, उसकी मां के निधन के बाद उसके पिता ने उसका कई बार यौन शोषण किया और तीन मौकों पर वह गर्भवती हुई। उसके पिता ने उसे कुछ दवाइयां देकर उसका गर्भ गिरा दिया। इसके बाद वह लगातार बेटी का बलात्कार करता रहा और हाल ही में उसने एक लड़की को जन्म दिया।
इस आरोपी की एक दूसरी बीवी भी थी जो हाल ही में उसे छोड़कर चली गई। आरोपी को कल गिरफ्तार कर लिया गया और उस पर बलात्कार एवं महिला की सहमति के बगैर गर्भपात का मामला दर्ज किया गया है। साथ ही उस पर पोक्सो कानून की विभिन्न धाराओं के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।
दूसरा मामला। वहीं यूपी के गाजियाबाद जिले में नाबालिग से रेप का एक मामला सामने आया है। जिले की पूजा कालोनी में 25 साल के एक व्यक्ति को 11 साल की अपनी एक रिश्तेदार के साथ कथित तौर पर बलात्कार करने के लिए गिरफ्तार किया गया। थाना प्रभारी उमेद यादव ने कहा कि बृहस्पतिवार की रात मनोज ने घर में अकेला पाकर अपनी नाबालिग रिश्तेदार के साथ बलात्कार किया। बाद में उसने इसकी जानकारी किसी को नहीं देने की धमकी दी। नाबालिग लड़की ने अपने मां-पिता को यह पूरी घटना सुनाई और उन्होंने पुलिस के पास इसकी शिकायत दर्ज कराई। मुखबिरी मिलने पर मनोज को गिरफ्तार कर लिया गया और आईपीसी की धारा 376 और पोक्सो कानून के तहत उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।