महाराष्ट्र में जिला परिषद, पंचायत समिति चुनाव को अजित पवार के निधन के बाद टाल दिया गया है। बता दें कि राज्य सरकार ने तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।
इसके बाद महाराष्ट्र में 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के चुनावों के बाकी चरणों को राज्य चुनाव आयोग ने रीशेड्यूल कर दिया है। राज्य चुनाव आयोग ने नोटिफिकेशन जारी कर इसकी जानकारी दी।
कब होगा अब चुनाव?
आयोग के मुताबिक वोटिंग, जो पहले 5 फरवरी को होने वाली थी, अब 7 फरवरी को होगी और वोटों की गिनती 7 फरवरी से बढ़ाकर 9 फरवरी को की जाएगी।
SEC द्वारा जारी नोटिफिकेशन में कहा गया, “संबंधित जिला कलेक्टर 31 जनवरी को संशोधित नोटिफिकेशन जारी करेंगे। वोटिंग 7 फरवरी को सुबह 7.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक होगी। चुनाव प्रचार 5 फरवरी को रात 10 बजे खत्म हो जाएगा।” आगे यह भी कहा गया कि वोटों की गिनती 9 फरवरी को सुबह 10 बजे तय केंद्रों पर शुरू होगी।
आगे कहा कि नतीजे घोषित होने के बाद आचार संहिता हटा ली जाएगी। चुने हुए सदस्यों के नाम 11 फरवरी, 2026 तक सरकारी गजट में प्रकाशित किए जाएंगे।
क्यों टाला गया?
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव पूरा करने के लिए 31 जनवरी 2026 के बाद सिर्फ दो सप्ताह का एक्सटेंशन दिया था। हालांकि, 28 जनवरी को अजीत पवार की अचानक मौत के बाद, राज्य सरकार ने 28 से 30 जनवरी तक शोक घोषित किया। इसे ध्यान में रखते हुए, राज्य चुनाव आयोग ने चुनाव कार्यक्रम में बदलाव किया है।
जानकारी दे दें कि पहले इन स्थानीय निकाय चुनावों का कार्यक्रम 13 जनवरी को घोषित किया गया था। इस चुनाव के मद्देनजर नामांकन दाखिल करने और वापस लेने, चुनाव चिन्ह आवंटन और उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी होने जैसी प्रक्रियाएं पहले ही पूरी हो चुकी हैं। केवल वोटिंग, वोटों की गिनती और चुने हुए सदस्यों की अधिसूचना ही बाकी चरण थे। आगे पढ़िए अजित पवार के निधन के बाद क्या एकजुट होगी एनसीपी या अलग ही रहेंगे रास्ते?
