महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) पेपर लीक मामले में एक बड़ी गिरफ्तारी हुई है। दरअसल, राज्य पुलिस ने मंगलवार को सोलापुर जिले के एक कोचिंग सेंटर के मालिक को गिरफ्तार किया है। इस आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में गिरफ्तार किए गए कुल आरोपियों की संख्या 16 पहुंच गई है।

आरोपी से आधा दर्ज पेपर सेट बरामद

ठाणे जिले की भिवंडी पुलिस ने इस गिरफ्तारी को अंजाम दिया। पुलिस के अधिकारी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान पश्चिमी महाराष्ट्र के सोलापुर निवासी प्रकाश पवार के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि उसके पास से महाराष्ट्र टीईटी परीक्षा से जुड़े आधा दर्जन पेपर सेट बरामद किए गए हैं।

एक दशक से भी ज्यादा समय से चला रहा था कोचिंग सेंटर

पुलिस के अनुसार, पवार पिछले लगभग एक दशक से ‘ध्रुव प्रतिष्ठान’ नाम से एक कोचिंग सेंटर चला रहा था जहां वह सरकारी नौकरियों और शिक्षण पदों की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को कोचिंग देता था। भिवंडी पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रश्नपत्र लीक करने में संलिप्त नेटवर्क की जारी जांच के दौरान पवार की भूमिका सामने आई, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी के पास से तलाशी के दौरान उसके पास से परीक्षा से जुड़े 26 प्रश्नपत्र सेट बरामद हुए। इनमें से अधिकांश दस्तावेज भर्ती मॉक टेस्ट से संबंधित हैं, लेकिन कम से कम छह पेपर सेट सीधे टीईटी परीक्षाओं से जुड़े हैं।

उन्होंने बताया कि जून के अंत में सामने आए इस गिरोह के पीछे काम करने वाले व्यापक तंत्र का पर्दाफाश करने और विस्तृत पूछताछ के लिए एक स्थानीय अदालत ने पवार को 15 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

पिछले महीने मास्टरमाइंड की हुई थी गिरफ्तारी

बता दें कि महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 पेपर लीक का कथित मास्टरमाइंड बिजेंद्र गुप्ता कई महीनों तक फरार रहने के बाद पिछले महीने यानी जुलाई में 25 तारीख को गिरफ्तार हुआ था। महाराष्ट्र पुलिस ने बिजेंद्र गुप्ता को बिहार से गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी ठाणे पुलिस की ओर से की गई है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, ठाणे पुलिस ने शनिवार सुबह बिहार से बिजेंद्र को गिरफ्तार किया है। बिजेंद्र की तलाश के लिए महाराष्ट्र पुलिस की कई टीमें बिहार के अलग-अलग जिलों में छापेमारी कर रही थी।

महाराष्ट्र टीईटी एग्जाम की नई डेट का इंतजार कर रहे स्टूडेंट

बता दें कि महाराष्ट्र टीईटी परीक्षा 2026 का आयोजन 28 जून को होना था, लेकिन पेपर लीक की वजह से इस एग्जाम को एक दिन पहले स्थगित करने का ऐलान कर दिया गया था। उस वक्त महाराष्ट्र स्टेट काउंसिल ऑफ एग्जामिनेशन ने एग्जाम की नई डेट पर परीक्षा कराने की बात कही थी, लेकिन परीक्षा स्थगित होने के 2 महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी नई डेट्स रिलीज नहीं की गई है।

यह भी पढ़ें: Exclusive: महाराष्ट्र में TET पेपर लीक के बाद SET की परीक्षा थी निशाने पर, पुलिस की जांच में हुए बड़े खुलासे

महाराष्ट्र TET (Teacher Eligibility Test) पेपर लीक मामले की जांच के दौरान ठाणे पुलिस को बड़ी जानकारी मिली है। पुलिस को पता चला है कि आरोपियों का अगला निशाना कॉलेज और विश्वविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती के लिए होने वाली SET (State Eligibility Test) परीक्षा थी। ठाणे पुलिस को यह बात TET 2026 पेपर लीक मामले के मुख्य आरोपी बिजेंद्र गुप्ता से की गई पूछताछ में पता चली है। यहां पढ़ें पूरी खबर…