महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएमएस) प्रमुख राज ठाकरे ने शनिवार को भाजपा पर निशाना साधा है। साथ ही उन्होंने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व पर अहंकारी होने का आरोप लगाया और मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस से सवाल पूछा कि वे सत्ताधारी पार्टी के नेताओं के विवादित बयानों पर खामोश क्यों हैं?

मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए एक्स पर पोस्ट में राज ठाकर ने कहा कि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व सत्ता के नशे में अहंकारी हो गया है। साथ ही अब यही संस्कृति प्रदेश में भी जड़ बना रही है।

देवेंद्र फड़नवीस से पूछा सवाल

राज ठाकरे ने देवेंद्र फड़नवीस से पूछा, “सत्ता में रहने के कारण भाजपा नेतृत्व अहंकारी हो गया है। देश भर में ऐसी धारणा दिख रही है, लेकिन अब लग रहा कि यही चलन महाराष्ट्र में भी बढ़ रहा है। क्या आप इसे यहां भी फैलने देंगे?”

एमएनएस चीफ ने बिना नाम लिए, मुंबई बीजेपी अध्यक्ष और विधायक अमित सातम के कथित वायरल वीडियो से जुड़े विवाद का जिक्र किया। वीडियो में अमित सातम मुंबई में मानसून से जुड़े हाल में हुए दो मौतों के बारे में बात करते हुए मुस्कुरा रहे थे।

आपका विधायक लोगों की मौत पर हंसता है- राज ठाकरे

राज ठाकरे ने कहा, “आपका एक विधायक लोगों की मौत पर हंसता है, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं होती। आपकी चुप्पी ने नेताओं को बिना किसी नतीजे के डर के बेतुके बयान देने का हौसला दिया है।” उन्होंने एक मशहूर लाइन भी दोहराई कि ‘सत्ता भ्रष्ट करती है, और पूर्ण सत्ता पूर्ण रूप से भ्रष्ट कर देती है।’

MNS प्रमुख ने आगे यह भी कहा कि कभी संवेदनशील और सभ्य मुख्यमंत्री माने-जाने वाले देवेंद्र फड़नवीस, गलत काम करने वाले नेताओं के खिलाफ कार्रवाई न करके अपनी इमेज और महाराष्ट्र की राजनीतिक परंपराओं, दोनों को नुकसान पहुंचाने का जोखिम उठा रहे हैं। राजनीति में अपने 37 साल के अनुभव को याद करते हुए राज ठाकरे ने कहा कि बाल ठाकरे, शरद पवार और प्रमोद महाजन जैसे नेताओं ने अपनी पार्टी के सदस्यों की गलतियों पर कार्रवाई करने में कभी संकोच नहीं किया।

हमें मुख्यमंत्री से उम्मीद- मनसे प्रमुख

देवेंद्र फडनवीस से कार्रवाई करने की अपील करते हुए मनसे प्रमुख ने कहा कि मुख्यमंत्री को ‘बेशर्मी’ से व्यवहार करने वाले नेताओं से इस्तीफा मांगना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई कार्रवाई नहीं की गई, तो महाराष्ट्र की राजनीति में गलत मिसाल कायम होगी। राज ठाकरे ने कहा, “आप समझदार हैं। हमें आपसे उम्मीदें हैं।”

यह भी पढ़ें: ‘अगर एक-दूसरे के बगल में बैठे होते तो…’, जानें उद्धव ठाकरे के साथ एक ही फ्लाइट में सफर पर क्या बोले फड़नवीस

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस और शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने 26 जून को मुंबई से नागपुर के लिए एक ही फ्लाइट में साथ यात्रा की। इसको लेकर अब सीएम फड़नवीस ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “उद्धव ठाकरे और मैंने इत्तेफाक से एक ही फ्लाइट में यात्रा की। हालांकि, अगर हम एक-दूसरे के बगल में बैठे होते, तो हम जरूर बातचीत करते।” पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें