महाराष्ट्र में परभणी जिले के यशवाड़ी गांव में शनिवार दोपहर हनुमान मंदिर की छत का एक हिस्सा गिर गया। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हैं। यह गांव मानवत मार्ग पर स्थित है और छत्रपति संभाजीनगर से करीब 190 किलोमीटर दूर है। एक अधिकारी ने बताया कि मंदिर के सभा-मंडप (बाहरी हॉल) की छत का हिस्सा करीब अपराह्न साढ़े तीन बजे गिर गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताया।

घटना पर पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “महाराष्ट्र के परभणी में दीवार ढहने की घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद है। इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।” वहीं मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने भी भक्तों की मौत पर दुख जताया। मुख्यमंत्री कार्यालय ने घोषणा की कि मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

5 लोगों की मौत

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन ने अपनी टीमें भेज दी और बचाव अभियान शुरू हो गया। पुलिस ने बताया कि इस हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि शनिवार होने के कारण मंदिर में भक्तों की भीड़ थी।

परिसर में मची चीख पुकार

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस हादसे में 8 से 10 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं शुरुआत में करीब 40 लोग मलबे के अंदर दब गए थे। हालांकि प्रशासन की मशक्कत के बाद 25 लोगों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद परिसर में चीख पुकार मच गई। इस दौरान प्रशासन के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने बचाव अभियान शुरू कर दिया।

आज शनिवार का दिन है और हनुमान मंदिर है, ऐसे में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मंदिर के सभा मंडप के नीचे बड़ी संख्या में लोग पूजा और दर्शन के लिए लाइन में खड़े थे। तभी अचानक मंडप का पिलर टूट गया और छत भक्तों के ऊपर गिर गई। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर आ गया है, जिसमें लोग चीख पुकार मचाते सुनाई दे रहे हैं। वहीं कई लोग बचाव अभियान में जुटे हुए हैं।

यह भी पढ़ें- कोल्हापुर में अमित शाह बोले- इस देश में वही रहेगा, जिसका जन्म यहां हुआ

महाराष्ट्र के कोल्हापुर में शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भारत कोई धर्मशाला नहीं है। इस देश में वही रहेगा, जिसका जन्म यहां हुआ है। बाकि लोगों को हिंदुस्तान से चुन-चुनकर बाहर किया जाएगा। इस दौरान शाह ने उद्धव ठाकरे, कांग्रेस और टीएमसी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह लोग घुसपैठ को बढ़ावा देना चाहते हैं, लेकिन मोदी सरकार इनको मंसबों को कामयाब नहीं होने देगी। पढ़ें पूरी खबर