महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों पर होने वाला चुनाव मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस और सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के लिए बड़ी परीक्षा बन गया है। तीन स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की इन सीटों पर मुकाबले के बीच भाजपा के अंदर असंतोष उभर आया है। साथ ही, भाजपा और सहयोगी दलों शिवसेना एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के बीच भी खींचतान तेज हो गई है।

नागपुर की स्नातक सीट पर भाजपा की खास नजर है। पार्टी ने यहां पूर्व विधायक सुधाकर कोहले को कांग्रेस के मौजूदा विधान परिषद सदस्य अभिजीत वंजारी के खिलाफ उतारा है। भाजपा इस सीट को वापस जीतना चाहती है। यह सीट 2020 में उसके हाथ से निकल गई थी। इससे पहले भाजपा और उसके पुराने राजनीतिक संगठन जनसंघ ने इस सीट पर लगातार 58 साल तक कब्जा बनाए रखा था।

नागपुर में भाजपा को अपनों की नाराजगी का सामना

भाजपा ने सुधाकर कोहले को उम्मीदवार बनाया तो पूर्व विधायक अनिल सोले ने बगावत कर दी। उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें मनाने की कोशिश की। काफी समझाने-बुझाने के बाद अनिल सोले ने नामांकन वापस ले लिया और पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार का समर्थन करने पर राजी हो गए।

भाजपा ने बगावत को तो संभाल लिया, लेकिन उम्मीदवार चुनने के तरीके पर सवाल उठ गए। पार्टी के वरिष्ठ नेता अनिल सोले ने कहा कि अब उम्मीदवारों का चयन पहले की तरह नहीं होता। उन्होंने कहा, “पहले उम्मीदवारों का चयन लोकतांत्रिक तरीके से होता था। अब फैसले ऊपर से थोपे जाते हैं। उम्मीदवार चुनने से पहले हमसे पूछा तक नहीं जाता। यह दुर्भाग्यपूर्ण है।”

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस ने अनिल सोले की उम्मीदवारी वापस लेने के कदम की सराहना करते हुए कहा, “अनिल सोले पार्टी के प्रतिबद्ध और जिम्मेदार नेता हैं। पार्टी उनकी सेवाओं का सम्मान करती है।”

भाजपा के लिए नागपुर की सीट का महत्व इसलिए भी ज्यादा है, क्योंकि वह यहां 2020 की हार दोहराना नहीं चाहती। सीट वापस जीतने के लिए पार्टी ने अपना पूरा संगठन मैदान में उतार दिया है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का समर्थन जुटाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

2020 में भाजपा के उम्मीदवार संदीप जोशी कांग्रेस के अभिजीत वंजारी से हार गए थे। संदीप जोशी नागपुर के पूर्व महापौर थे और उस समय देवेंद्र फडनवीस के करीबी माने जाते थे। भाजपा के लिए यह हार बड़ा झटका थी। नागपुर आरएसएस का मुख्यालय है और फडनवीस तथा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का गृह नगर भी है। इस सीट से पहले नितिन गडकरी और देवेंद्र फडनवीस के पिता गंगाधरराव फडनवीस जैसे बड़े नेता विधान परिषद पहुंच चुके हैं।

इस बार नतीजा बदलने के लिए देवेंद्र फडनवीस ने नागपुर में दो दिन बिताए। उन्होंने पार्टी के मौजूदा पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठकें कीं, ताकि आपसी तालमेल बेहतर हो सके। उन्होंने पूरे निर्वाचन क्षेत्र में प्रचार किया और पंजीकृत स्नातक मतदाताओं तथा शिक्षकों से संपर्क साधा।

सीटें बंटीं, लेकिन सहयोगियों में सहमति नहीं बनी

महायुति में सीटों का बंटवारा भी विवाद की वजह बना हुआ है। भाजपा पांच में से तीन सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इनमें नागपुर और पुणे की स्नातक सीटें तथा पुणे की शिक्षक सीट शामिल हैं। भाजपा ने नागपुर से सुधाकर कोहले, पुणे स्नातक सीट से स्मिता जाधव और पुणे शिक्षक सीट से कौस्तुभ गावड़े को उम्मीदवार बनाया है।

समझौते के तहत अमरावती की शिक्षक सीट उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को मिली है। वहीं, छत्रपति संभाजीनगर की स्नातक सीट सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के हिस्से आई है।

लेकिन सीटों का बंटवारा सहयोगी दलों के बीच टकराव नहीं रोक पाया। शिवसेना ने पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में निर्दलीय उम्मीदवार चंद्रकांत सनप का समर्थन कर दिया है। इससे भाजपा के उम्मीदवार कौस्तुभ गावड़े के सामने चुनौती खड़ी हो गई है।

बुधवार को प्रचार के आखिरी दिन एकनाथ शिंदे ने दावा किया कि महायुति सभी पांच सीटें जीतेगी। देवेंद्र फडनवीस ने भी सहयोगियों के बीच मतभेदों को ज्यादा तवज्जो नहीं दी। उन्होंने भरोसा जताया कि गठबंधन पांचों सीटों पर आसानी से जीत हासिल करेगा।

विपक्षी गठबंधन में भी सब कुछ ठीक नहीं

सत्तारूढ़ महायुति की तरह विपक्षी महा विकास आघाड़ी (एमवीए) को भी अंदरूनी खींचतान का सामना करना पड़ रहा है। इस गठबंधन में कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) और राकांपा (शरदचंद्र पवार) शामिल हैं।

अमरावती सीट पर शिवसेना (यूबीटी) ने अपना उम्मीदवार उतार दिया। साथ ही कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने सहयोगियों से चर्चा किए बिना एकतरफा तरीके से अपने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया।

उम्मीदवारों के चयन को लेकर एमवीए के भीतर भी नाराजगी सामने आई है। पुणे समेत कुछ सीटों पर गठबंधन के नेताओं ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल कर दिया है।

छत्रपति संभाजीनगर से अमरावती तक बगावत

जमीनी तस्वीर बताती है कि मुकाबला सिर्फ महायुति और एमवीए के बीच नहीं है। दोनों गठबंधनों को अपने ही नेताओं की नाराजगी से जूझना पड़ रहा है।

छत्रपति संभाजीनगर में शिवसेना ने राकांपा के आधिकारिक उम्मीदवार सतीश चव्हाण को चुनौती दी है। शिवसेना के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अब्दुल सत्तार ने राकांपा (शरदचंद्र पवार) के उम्मीदवार डॉ. प्रतापसिंह पाटिल को समर्थन देने का ऐलान किया है।

अब्दुल सत्तार ने सवाल उठाया, “शिवसेना हमेशा राकांपा के खिलाफ काम करती रही है। अब हम उसका समर्थन क्यों करें?”

अमरावती शिक्षक सीट पर भाजपा को भी बगावत झेलनी पड़ी। पार्टी के कम से कम तीन पदाधिकारियों ने शिवसेना के उम्मीदवार किरण सरनाईक के खिलाफ नामांकन दाखिल कर दिया। इसके बाद भाजपा ने चंद्रकांत भोयर, संगीता बोंडे-शिंदे और सुनील पवार को छह साल के लिए पार्टी से निकाल दिया।

मतभेद दूर करने की कोशिश भी नाकाम

महायुति के भीतर लगातार बढ़ते मतभेदों को दूर करने के लिए महाराष्ट्र में एक समन्वय समिति बनाई गई है। भाजपा नेता चंद्रशेखर बावनकुले इसकी अध्यक्षता कर रहे हैं। शिवसेना और राकांपा के मंत्री भी इस समिति में शामिल हैं। इसका काम सरकार और गठबंधन के भीतर तालमेल बनाए रखना है।

लेकिन विधान परिषद चुनाव में यह कोशिश भी कामयाब होती नहीं दिख रही।

गठबंधन के एक पदाधिकारी ने कहा, “हर पार्टी चुनाव को अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने का सबसे अच्छा मौका मानती है। हर दल हर सीट के जरिए अपना संगठन भी बढ़ाना चाहता है। इसलिए मतभेद होना स्वाभाविक है।” उन्होंने कहा कि महायुति में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी है, इसलिए उसे ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने का अधिकार है।

लेकिन शिवसेना के मंत्री संजय शिरसाट इससे अलग राय रखते हैं। उनका कहना है कि भाजपा को सहयोगियों की बात भी सुननी चाहिए। उन्होंने कहा, “टकराव से बचने के लिए भाजपा को सहयोगियों के साथ सत्ता और सीटें साझा करनी चाहिए।”

राकांपा नेता सुनील तटकरे और प्रफुल्ल पटेल भी पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सीट उनकी पार्टी को नहीं दिए जाने पर पहले नाराजगी जता चुके हैं।

गोकुल की हार ने भी बढ़ाई चिंता

महायुति के भीतर तालमेल की कमी का असर दूसरे चुनावों में भी दिखा है। कोल्हापुर जिला सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ (गोकुल) के चुनाव में सत्तारूढ़ गठबंधन को हार का सामना करना पड़ा।

बुधवार को राकांपा के मंत्री हसन मुश्रीफ ने इस हार के लिए महायुति के अंदरूनी मतभेदों को जिम्मेदार ठहराया। गोकुल चुनाव में सत्तारूढ़ दलों के पैनल को कांग्रेस के विधान परिषद सदस्य सतेज पाटिल के नेतृत्व वाले पैनल ने हराया था।

अब सबकी नजर विधान परिषद की पांच सीटों के नतीजों पर है। मतदान 23 अक्टूबर को होगा और मतगणना 27 अक्टूबर को की जाएगी। चुनाव अधिकारियों के मुताबिक, कुल 182 उम्मीदवार मैदान में हैं। 10.68 लाख से ज्यादा पंजीकृत मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। मतदान के लिए 2,419 केंद्र बनाए गए हैं।

यह भी पढ़ें-भाजपा में नेतृत्व संकट के बीच HD कुमारस्वामी ने संभाला मोर्चा, कांग्रेस सरकार को घेरने में BJP से आगे निकली JDS

कर्नाटक में भाजपा भले ही सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी हो लेकिन पिछले कुछ महीनों में उसकी सहयोगी पार्टी जनता दल (सेक्युलर) यानी जेडीएस ने डीके शिवकुमार के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को घेरने और उसे बैकफुट पर लाने में ज्यादा सक्रिय भूमिका निभाई है। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।