महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में एक बड़ा हादसा हुआ है। जिले के मालशिरस इलाके में तंदुलवाड़ी गांव के पास 15 श्रद्धालुओं को ले जा रही एक पिक-अप वैन कुएं में गिर गई। इस हादसे में चार बच्चों समेत 8 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि सात लोगों को बचा लिया गया। श्रद्धालु सोलापुर जिले के म्हसवड में सिद्धनाथ मंदिर के दर्शन करके लौट रहे थे, तभी पिक-अप वैन कुएं में गिर गई।

पुलिस और फायर डिपार्टमेंट के लोगों के साथ स्थानीय लोग भी बचाव अभियान में शामिल थे। जिला कलेक्टरेट के अधिकारी और नेता भी मौके पर पहुंचे। सोलापुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक अतुल कुलकर्णी ने कहा, “आठ मृतकों में चार बच्चे और चार बड़े शामिल हैं। पिक-अप गाड़ी में 15 यात्री थे, सभी रिश्तेदार थे। सात लोगों को बचा लिया गया है। हादसा शाम 5 बजे से 5.15 बजे के बीच हुआ।”

एसपी ने क्या कहा?

सोलापुर के अकलुज डिवीज़न के डीएसपी संतोष वाल्के ने कहा, “यह हादसा सोलापुर ज़िले के मालशिरस तालुका के तंदुलवाड़ी गांव में सतारा-पंढरपुर हाईवे पर हुआ। मरने वाले पंढरपुर के रहने वाले हैं और सतारा के म्हसवड से एक पिक-अप गाड़ी में लौट रहे थे। पहली नज़र में जांच से पता चलता है कि ड्राइवर का कंट्रोल खो गया और गाड़ी सड़क किनारे कुएं में गिर गई। आगे की जांच जारी है।”

स्थानीय लोगों के मुताबिक कुएं के आसपास सुरक्षा के इंतज़ाम न होने की बार-बार अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। एक ग्रामीण सरजेराव चव्हाण ने पत्रकारों को बताया, “कुएँ की कोई सुरक्षा दीवार नहीं थी। अधिकारियों ने मेरी शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया।”

सांसद ने लगाया कार्रवाई न करने का आरोप

माधा के सांसद धैर्यशील मोहिते-पाटिल ने कहा, “हमने कई पत्र भेजे और मीटिंग कीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। हर महीने हादसे होते हैं, और सरकार हमारी बार-बार की शिकायतों को नज़रअंदाज़ करती रही।”

एसपी अतुल कुलकर्णी ने कहा, “यह एक खेत का कुआं है, जो सड़क से नीचे है। इसलिए एक छोटी सुरक्षा दीवार बेअसर हो सकती थी। ड्राइवर के कंट्रोल खोने के बाद गाड़ी डूब गई।”

नासिक में भी हुई थी घटना

यह घटना नासिक जिले के डिंडोरी इलाके में एक गाड़ी के बिना सुरक्षा वाले कुएं में गिरने के दो महीने बाद हुई है, जिसमें एक परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई थी। 2 अप्रैल को नासिक के डिंडोरी इलाके में 100 फुट चौड़ी कंक्रीट सड़क के बीच में एक कार कुएं में गिर गई थी, जिसमें एक परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई थी। मरने वालों में छह बच्चे थे।