महाराष्ट्र के कोल्हापुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पर एक युवक ने अपनी महिला दोस्त को एक हजार फुट गहरी खाई में धकेल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि एक 25 साल के आदमी ने कथित तौर पर कोल्हापुर जिले के नाइकवाड़ी झरने पर 23 साल की इंजीनियरिंग छात्रा को 1,000 फुट गहरी खाई में धकेल दिया। बाद में पुलिस के पास आरोपी ने खुद दावा किया कि उसकी दोस्त लापता हो गई है।

आरोपी श्रीपद दिनकर वदार भूदरगढ़ तालुका के गरगोटी शहर की अवधूत कॉलोनी का रहने वाला है। आरोपी को रविवार को एक लोकल कॉलेज में सिविल इंजीनियरिंग की थर्ड ईयर की छात्रा तरन्नुम बशीर नाइक की कथित हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया। श्रीपद वदार को कोल्हापुर की एक कोर्ट में पेश किया गया, जिसने उसे आगे की जांच के लिए 15 अक्टूबर तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया।

एक ही इलाके में रहते थे श्रीपद वदार-तरन्नुम नाइक

पुलिस के मुताबिक श्रीपद वदार और तरन्नुम नाइक एक ही इलाके में रहते थे और एक-दूसरे को कई सालों से जानते थे। पुलिस को शक है कि वे रिलेशनशिप में थे, लेकिन तरन्नुम नाइक के परिवार ने नवंबर में उसकी शादी किसी दूसरे आदमी से तय कर दी थी और उसने श्रीपद वदार के साथ अपना रिश्ता खत्म करने का फैसला किया था।

पुलिस ने कहा कि श्रीपद वदार ने कथित तौर पर 9 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे तरन्नुम नाइक को मिलने के लिए बुलाया, जिसके बाद दोनों नाइकवाड़ी वॉटरफॉल एरिया में गए। बाद में तरन्नुम नाइक की मां ने भूदरगढ़ पुलिस से संपर्क किया और कहा कि उन्हें पता चला है कि उनकी बेटी श्रीपद वदार के साथ वॉटरफॉल गई थी। हालांकि श्रीपद वदार अकेले लौट आया और लड़की से संपर्क नहीं हो सका।

पुलिस ने क्या कहा?

डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस विवेक पाटिल ने कहा कि आरोपी श्रीपद वदार ने भी अलग से पुलिस स्टेशन से संपर्क किया और दावा किया कि वह लड़की के साथ वॉटरफॉल पर गया था, लेकिन पानी लाने के लिए कुछ देर के लिए उसे अकेला छोड़ दिया, जिसके बाद वह गायब हो गई।

पुलिस ने श्रीपद वदार की तलाश शुरू की और उससे पूछताछ की, जिसके जवाब संदिग्ध लगे। लगातार पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर तरन्नुम नाइक को खाई में धकेलने की बात कबूल की क्योंकि वह इस बात से परेशान था कि वह किसी और से शादी करने जा रही है। श्रीपद वदार कथित तौर पर अपने भाई (जो एक कॉन्ट्रैक्टर है) के साथ काम करता है। उसको बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने शनिवार को तरन्नुम नाइक की बॉडी खाई से बरामद की। पोस्टमॉर्टम के बाद उसकी बॉडी उसके परिवार को सौंप दी गई। अंतिम संस्कार भूदरगढ़ तालुका के उनके पैतृक गांव पटगांव में किया गया। रविवार को गांववालों और तरन्नुम नाइक के परिवार ने पुलिस को एक लेटर देकर मामले की पूरी जांच की मांग की।

यह भी पढ़ें: शिवसेना UBT नेता प्रदीप पूर्णेकर की गोली मारकर हत्या, आरोपी फरार; महाराष्ट्र पुलिस कर रही जांच

महाराष्ट्र के ठाणे में शिवसेना (UBT) के स्थानीय नेता प्रदीप पूर्णेकर पर कुछ अज्ञात लोगों ने गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल पूर्णेकर की इलाज के दौरान मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें