महाराष्ट्र में सूखे की बिगड़ती स्थिति का असर अब फल उत्पादक इलाकों में साफ दिखाई देने लगा है। जालना जिले की अंबड तहसील में मौसंबी के पेड़ों पर लगे फल सिकुड़कर मुश्किल से नींबू के आकार के रह गए हैं। कुछ पेड़ धूप की मार से भूरे पड़ चुके हैं, जबकि पके फल जमीन पर बिखरे पड़े हैं।
विदर्भ के अमरावती जिले के लिंगा गांव में तो संतरा उत्पादक किसान पेड़ों को बचाने की उम्मीद में समय से पहले ही कच्चे फल तोड़ने लगे हैं।
राज्य में एक जून से 26 सितंबर के बीच सामान्य से 18 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई। इसके बाद राज्य की 358 में से 304 तहसीलों में सूखा या सूखे जैसी स्थिति घोषित कर दी गई। मराठवाड़ा और विदर्भ में बारिश की कमी के कारण फलों के आकार छोटे हो गए हैं, फसलें बर्बाद हो गई हैं तथा पेड़ सूखने लगे हैं।
संतरे के पौधों को नुकसान
अमरावती जिले के लिंगा गांव में संतरा उत्पादक किसान शिवहरी हडके अपने करीब दो एकड़ के बगीचे में लगे 18 साल पुराने पेड़ों से कच्चे संतरे तोड़ रहे हैं। इन फलों का आकार आंवले जितना ही है। फल देने वाले पेड़ों को नियमित रूप से पानी की जरूरत होती है। ऐसे में शिवहरी हडके को उम्मीद है कि कच्चे फल तोड़ने से पेड़ों की पानी की जरूरत कम होगी और बाकी पेड़ों को बचाया जा सकेगा।
शिवहरी हडके के बगीचे में करीब 250 पेड़ हैं, जिनमें से 10 पहले ही सूख चुके हैं। उनके छोटे भाई के बगीचे के 70 पेड़ भी सूख गए हैं। हडके के कुछ पेड़ पिछले साल भी मुरझा गए थे। परिवार को जानवरों के कारण हुए नुकसान से भी जूझना पड़ रहा है। जानवरों ने पेड़ों की छाल खरोंच दी है, जिससे वे और कमजोर हो गए हैं।
मौसंबी के फलों को नुकसान
मराठवाड़ा में लगातार पड़ रहे सूखे और कीटों के हमलों ने जालना जिले के कुछ हिस्सों में मौसंबी का उत्पादन लगातार घटा दिया है। जालना के रोहिलागढ़, अंबड और घनसावंगी के साथ-साथ बीड के गेवराई और छत्रपति संभाजीनगर के पैठण इलाके कभी मौसंबी के बगीचों के लिए मशहूर थे। लेकिन बार-बार फसल बर्बाद होने के कारण कई किसानों ने फल उगाना ही छोड़ दिया है।
आनार की खेती से हुआ नुकसान
रोहिलागढ़ के 35 वर्षीय किसान शिवाजी टकले बताते हैं कि इस साल अनार की फसल बर्बाद होने से उन्हें करीब 2.5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा, “मैंने अपने ढाई एकड़ खेत में अनार के 500-600 पेड़ लगाए थे। इस पर करीब 2.5 लाख रुपये खर्च किए थे। लेकिन बारिश नहीं हुई और पूरी फसल के लिए सिंचाई की व्यवस्था करना भी संभव नहीं था। 400 से ज्यादा पेड़ पूरी तरह सूख गए। बाकी पेड़ों पर छोटे फल तो लगे, लेकिन वे बेचने लायक नहीं थे। अब हम उन पेड़ों को काट देंगे। मुझे नहीं पता कि बीमा और मुआवजे के रूप में कितनी रकम मिलेगी, लेकिन इस नुकसान को स्वीकार करना बहुत मुश्किल है।”
शिवाजी टकले के पिता ने 1998 में अपनी जमीन पर मौसंबी के पेड़ लगाने शुरू किए थे। उस समय उनके बगीचे में हर साल 2,500 से अधिक फल पैदा होते थे। आसपास कोई स्थानीय बाजार नहीं होने के कारण वे मौसंबी बेचने के लिए नागपुर जाते थे। लेकिन 2012 और 2014 में पड़े सूखे और उसके बाद कीटों के हमलों ने इस इलाके के बगीचों को भारी नुकसान पहुंचाया।
अब स्थानीय बाजारों में मौसंबी सीमित मात्रा में उपलब्ध है और इसकी कीमत 35 रुपये प्रति किलो है। इस साल महाराष्ट्र को मौसंबी की मांग पूरी करने के लिए आंध्र प्रदेश समेत दूसरे राज्यों से आपूर्ति पर निर्भर रहना पड़ सकता है।
अंबड के किसान जगदीश देशमुख ने 2023 में अनार की खेती से लाखों रुपये कमाए थे। लेकिन उनका कहना है कि इस साल बारिश की कमी ने खेती को नुकसान के मौसम में बदल दिया है।
नागपुर स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के केंद्रीय खट्टे फल अनुसंधान संस्थान (आईसीएआर-सीसीआरआई) के वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि खराब मौसम के कारण खट्टे फलों की खेती में भारी नुकसान हो सकता है।
संस्थान के प्रधान वैज्ञानिक ए. थिरुगनानवेल ने बताया कि इस साल विदर्भ जैसे प्रमुख संतरा उत्पादक इलाकों में बारिश सामान्य से करीब 30-40 फीसदी कम हुई है। बारिश वाले दिनों की संख्या कम रहने और बारिश का असमान वितरण होने से किसानों को अपने बगीचों की सिंचाई करने में मुश्किल हो रही है।
बारिश की मात्रा और वितरण दोनों जरूरी
ए. थिरुगनावेल ने कहा, “बारिश की कुल मात्रा के साथ-साथ यह भी महत्वपूर्ण है कि बारिश कितने समय तक होती है। इस साल बारिश की मात्रा और अवधि, दोनों ही जरूरत के मुताबिक नहीं रहीं। इसके कारण किसान अपनी फसलों की सिंचाई नहीं कर पाए। अधिक तापमान, पानी की कम उपलब्धता और वाष्पीकरण बढ़ने से सूखे जैसी स्थिति पैदा हुई।”
पानी की कमी का असर अब फलों के आकार और पेड़ों के जीवित रहने पर भी दिखाई दे रहा है। ए. थिरुगनानवेल ने कहा, “जब पानी की कमी होती है तो पौधा उपलब्ध नमी का इस्तेमाल फल को पोषण देने के बजाय खुद को जीवित रखने के लिए करता है। इसका नतीजा यह होता है कि फल का आकार छोटा रह जाता है। इसके अलावा पेड़ों के सूखने की घटनाएं भी सामने आई हैं।”
सामान्य परिस्थितियों में खट्टे फलों का औसत उत्पादन करीब 13 टन प्रति हेक्टेयर होता है। एक फल का वजन 140 से 180 ग्राम तक होता है। लेकिन सूखे से प्रभावित बगीचों में उत्पादन घटकर सात से आठ टन प्रति हेक्टेयर रह सकता है। इससे बड़े पैमाने पर उत्पादन घटने की आशंका है।
संस्थान के निदेशक एन. जी. पाटिल ने कहा कि राज्य के संबंधित विभाग नुकसान का आकलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “अक्सर लोग बारिश की कुल मात्रा देखकर मान लेते हैं कि स्थिति बहुत खराब नहीं है। लेकिन बारिश का वितरण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। फसल के गलत चरण में हुई बारिश किसानों के किसी काम नहीं आती। कृषि सूखा और जलवैज्ञानिक सूखा भी अलग-अलग होते हैं।”
फलों का रंग ठीक से विकसित नहीं होने पर बाजार में उनकी कीमत और गिर सकती है। वहीं, लंबे समय तक नमी की कमी से पेड़ कमजोर हो जाते हैं और उन पर कीटों तथा बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। जो पेड़ स्थायी रूप से मुरझाने की स्थिति से आगे बढ़कर पूरी तरह सूख चुके हैं, उनके दोबारा हरा होने की संभावना नहीं रहती। किसानों को ऐसे पेड़ों को उखाड़कर उनकी जगह नए पौधे लगाने पड़ सकते हैं। नए बगीचे से पहली फसल मिलने में करीब चार साल लग जाते हैं।
दोनों क्षेत्रों के किसानों के लिए यह नुकसान सिर्फ एक फसल बर्बाद होने तक सीमित नहीं है। इसका मतलब है कि उन्हें कई साल का निवेश गंवाना पड़ रहा है। इसके साथ ही बगीचे को दोबारा तैयार करने के लिए नए सिरे से पैसा खर्च करना होगा और पहली फसल के लिए चार साल तक इंतजार भी करना पड़ेगा। देशमुख के शब्दों में, “इस साल बारिश की कमी ने किसानों को सिर्फ नुकसान ही दिया है।”
यह भी पढ़ें-देश के अमीर राज्य महाराष्ट्र में सूखे का कहर, बूंद-बूंद को तरस रही 55 फीसदी खेती वाली जमीन
महाराष्ट्र देश के अमीर राज्यों में से एक है। लेकिन, यहां पर भौगोलिक, सामाजिक और आर्थिक विषमताएं इस कदर हावी हैं कि ‘अमीर राज्य’ का खिताब कागजों पर ही अच्छा लगता है। राज्य के अधिकांश इलाके ऐसे हैं जहां पर सूखा और किसानों की बदहाली बाकी राज्यों की तुलना में कहीं ज्यादा है। मराठवाड़ा और विदर्भ के क्षेत्र लगातार सूखे और किसान आत्महत्याओं को लेकर चर्चा में रहे हैं। इंडियास्पेंड की एक रिपोर्ट के मुताबिक मराठवाड़ा स्थित बीड़ जिले में सूखा पहले के मुकाबले काफी जल्दी अपना प्रकोप दिखाने लगा है। गांवों के तमाम तालाब और कुंए सूख चुके हैं। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।
