छत्रपति शिवाजी महाराज की तुलना टीपू सुल्तान से करने पर आलोचनाओं का सामना कर रहे महाराष्ट्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्द्धन सपकाल ने अपने बयान पर माफी मांग ली है। हर्षवर्द्धन सपकाल ने मंगलवार को कहा कि उनका इरादा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था।

सपकाल ने दोहराया कि सामाजिक तनाव पैदा करने के लिए उनके बयान को जानबूझकर तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उनके बयान का मकसद सरकारी कार्यालयों में विभिन्न राष्ट्रीय हस्तियों के चित्रों को एक साथ प्रदर्शित कर एकता को बढ़ावा देना था।

शिवाजी-टीपू सुल्तान टिप्पणी को लेकर विवाद

ठेस पहुंचाने का नहीं था इरादा- सपकाल

सपकाल ने आरोप लगाया कि उनके भाषण के एक हिस्से को संदर्भ से हटाकर सोशल मीडिया पर इस तरह फैलाया गया कि यह गलत धारणा बन गई कि उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज की तुलना टीपू सुल्तान से की थी। सपकाल ने कहा कि वह माफी मांग रहे हैं क्योंकि उनका इरादा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं था।

सपकाल ने इस बात पर जोर दिया कि शिवाजी महाराज उनके ‘आदर्श, प्रेरणा और गौरव’ हैं। कांग्रेस नेता ने स्पष्ट किया कि उन्होंने केवल इतना कहा था कि टीपू सुल्तान ने अंग्रेजों से लड़ने में शिवाजी महाराज से प्रेरणा ली थी और ऐतिहासिक योगदानों का इस्तेमाल समाज को बांटने के लिए नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और उसके सहयोगी दलों ने धार्मिक कलह पैदा करने के लिए इस मामले में दुष्प्रचार अभियान चलाया है।

निहाल अहमद ने लगाया था टीपू सुल्तान का चित्र

मालेगांव महानगर पालिका की उप महापौर निहाल अहमद के कार्यालय में 18वीं सदी के मैसूर शासक टीपू सुल्तान का चित्र लगाये जाने के बाद यह विवाद शुरू हुआ था। इसका शिवसेना पार्षदों, बीजेपी नेताओं और हिंदू संगठनों ने विरोध किया था।

सपकाल के खिलाफ पुणे में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया था और एफआईआर भी दर्ज की गई थी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने सपकाल के बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा था कि महाराष्ट्र शिवाजी महाराज के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगा।

‘टीपू सुल्तान की तस्वीर कार्यालय में लगी रहेगी’

इस मामले में मालेगांव नगर निगम की उप महापौर निहाल अहमद ने कहा था कि 18वीं सदी के मैसूर शासक टीपू सुल्तान का चित्र उनके कार्यालय में ही रहेगा। निहाल अहमद ने इस मामले में विपक्ष के विरोध को सिरे से खारिज कर दिया था। क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।