Maharashtra celebrates Dahi Handi: मुंबई में शुक्रवार (19 अगस्त, 2022) को कृष्ण जन्माष्टमी पर दही हांडी समारोह में मानव ‘पिरामिड’ बनाया गया। वहीं एक बूढ़ी महिला ने नौवारी साड़ी पहनकर दही हांडी फोड़ी। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिस पर लोग तरह-तरह की अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे हैं।
कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव पर होने वाले दही हांडी कार्यक्रम दो साल के अंतराल के बाद शुक्रवार को राज्य भर में आयोजित की गई। कोविड-19 महामारी के कारण इन्हें स्थगित कर दिया गया था। शुक्रवार को प्रतिभागियों की मंडली ने ऊंचाई पर लटकाई गई दही हांडी को तोड़ने के लिए मानव ‘पिरामिड’ का निर्माण करके एक दूसरे से प्रतिस्पर्धा की।
यह त्योहार विशेष रूप से मुंबई, ठाणे और आसपास के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर मनाया जाता है। दही हांडी आयोजनों और प्रतिभागियों की मंडलियों को इन क्षेत्रों में राजनीतिक संरक्षण मिलता है।
वहीं महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे के गृह क्षेत्र ठाणे में एक दही हांडी कार्यक्रम में भाग लेते हुए मुख्यमंत्री ने जून में शिवसेना नेतृत्व के खिलाफ अपने विद्रोह की ओर इशारा किया और कहा कि उन्होंने और उनके सहयोगियों ने उस समय एक ‘कठिन दही हांडी’ को फोड़ा था।
बीएमसी में भी फोड़ेंगे ‘भ्रष्टाचार की हांडी’ : डिप्टी सीएम
उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई में कई दही हांडी कार्यक्रमों में भाग लिया। एक कार्यक्रम में फडणवीस ने कहा कि बीजेपी जल्द ही बीएमसी में ‘भ्रष्टाचार की हांडी’ को फोड़ देगी। अपना कार्यकाल समाप्त होने से पहले मुंबई नागरिक निकाय उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना के नियंत्रण में था। शिवसेना बीएमसी में 30 साल से अधिक समय से सत्ता में है।
मुंबई भाजपा प्रमुख आशीष शेलार ने कहा, ‘मैं मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और डिप्टी सीएम फडणवीस को धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने हिंदू त्योहारों के उत्सव पर सभी प्रतिबंधों में ढील दी। न केवल वर्ली में, बल्कि मुंबई के कई हिस्सों में।
बता दें, राज्य सरकार ने पिछले महीने घोषणा की थी कि इस साल दही हांडी और गणेश चतुर्थी सहित धार्मिक त्योहारों के उत्सव पर कोई प्रतिबंध नहीं होगा। वहीं मुंबई में दही हांडी के 222 प्रतिभागी घायल हुए हैं।