Maharashtra Budget 2026 Key Highlights: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने विधानसभा में राज्य का वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया। फड़नवीस ने एनसीपी नेता अजित पवार को बजट समर्पित करते हुए कहा कि दिवंगत नेता की स्मृति में एक स्मारक बनाया जाएगा। अजित पवार की जनवरी में विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। बजट पेश करते हुए फड़नवीस ने कहा कि महाराष्ट्र देश का वित्तीय इंजन है, 2047 तक 5,000 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनेगा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने बजट में किसानों के सितंबर 2025 तक बकाया ऋण में दो लाख रुपये माफ करने की घोषणा की।

फड़नवीस ने अपने बजट भाषण में राज्य के दिवंगत वित्त मंत्री अजित पवार को याद करते हुए कहा कि उनके सम्मान में एक उपयुक्त स्मारक बनाया जाएगा। पवार का जनवरी में एक विमान हादसे में निधन हो गया था। फड़नवीस के बजट पेश करने के लिए खड़े होने के समय विधानसभा में भावुक माहौल बन गया। कई सदस्यों ने ‘अजित दादा अमर रहे’ के नारे लगाकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी। पवार के निधन के बाद से फड़नवीस ही राज्य के वित्त विभाग का प्रभार संभाल रहे हैं। इससे पहले पवार के ही पास कई वर्षों से वित्त मंत्रालय का दायित्व था। जानें महाराष्ट्र बजट की बड़ी बातें…

  1. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने शुक्रवार को पेश वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में किसानों के लिए कर्ज माफी योजना की घोषणा करते हुए कहा कि 30 सितंबर, 2025 तक बकाया दो लाख रुपये तक के फसली ऋण माफ कर दिए जाएंगे।
  2. फड़नवीस ने राज्य विधानसभा में बजट पेश करते हुए कहा कि ‘पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर शेतकरी कर्जमाफी योजना’ के तहत महाराष्ट्र के कर्जदार किसानों को राहत दी जाएगी।
  3. उन्होंने कहा कि जो किसान अपने कर्ज की अदायगी नियमित रूप से करते रहे हैं। उन्हें राज्य सरकार की तरफ से 50,000 रुपये का प्रोत्साहन दिया जाएगा।
  4. मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के लिए पहले से संचालित ‘मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना’ जारी रहेगी और इसके लिए पर्याप्त धन उपलब्ध कराया जाएगा।
  5. इसके साथ ही फड़नवीस ने कहा कि राज्य के 1,000 से अधिक आबादी वाले सभी गांवों को कंक्रीट से बनी सड़कों के जरिये जोड़ा जाएगा।
  6. उन्होंने महाराष्ट्र को देश की वित्तीय ताकत बताते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक राज्य की अर्थव्यवस्था को पांच लाख करोड़ डॉलर के स्तर तक ले जाने का लक्ष्य है।
  7. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा शुक्रवार को विधानसभा में पेश किए गए 2026-27 के महाराष्ट्र के बजट में पुराने वाहनों को कबाड़ (स्क्रैप) करने वाले खरीदारों के लिए मोटर वाहन कर में छूट का प्रस्ताव किया गया है। साथ ही, बजट में प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए कुछ पुराने निजी वाहनों पर पर्यावरण कर बढ़ाने का भी प्रस्ताव है। अपने बजट भाषण में मुख्यमंत्री ने कहा कि इन उपायों का उद्देश्य ईंधन की अधिक खपत करने वाले और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के उपयोग को रोकना, राज्य में वायु गुणवत्ता में सुधार करना और पुराने वाहनों को बदलने की प्रक्रिया में तेजी लाना है।