महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में महाड नगर परिषद के मुख्य आधिकारी के साथ उनके कार्यालय में कथित तौर पर मारपीट करने के आरोप में बीजेपी पार्षद और दो अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने इसकी जानकारी शुक्रवार को दी। दोषियों की पहचान बीजेपी पार्षद सूरज बामने, राकेश पाटिल और सागर सुर्वे के रूप में हुई है।

बुधवार को महाड नगर परिषद के मुख्य अधिकारी धनंजय सदाशिव कोलेकर नगर निगम के कार्यालय में काम कर रहे थे। उसी दौरान तीनों आरोपी वहां पहुंचे और वार्ड से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रश्न करने लगे। महाराष्ट्र पुलिस के अनुसार, बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस हो गई जो बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गयी। इस मारपीट के दौरान धनंजय कोलेकर घायल हो गए और उन्हें महाड ग्रामीण अस्पताल में इलाज और मेडिकल जांच के लिए भर्ती कराया गया।

आरोपियों के खिलाफ BNS की धाराओं के तहत मामला दर्ज

कोलेकर की शिकायत के बाद महाड पुलिस ने भाजपा पार्षद सूरज बामने और अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। शिकायत में आरोप लगाया गया है की धनंजय के साथ मारपीट, गाली-गलौज की गयी और धमकी भी दी गयी। नगर परिषद के कर्मचारियों ने इसके विरोध में धरना प्रदर्शन किया और दोषियों पर कड़ी कार्यवाई की मांग उठाई।

महाराष्ट्र सरकार अपराधियों से निपटने के क्या कदम उठा रही?

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार साइबर अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए एआई, डिजिटल निगरानी और डेटा विश्लेषण का इस्तेमाल कर रही है। विधानसभा में पिछले सप्ताह विपक्ष द्वारा लाए गए प्रस्ताव पर जवाब देते हुए फड़नवीस ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार पुलिस बल के आधुनिकीकरण के लिए भी कदम उठा रही है। उन्होंने सदन को बताया कि अपराधों का विश्लेषण करने, संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करने और खुफिया जानकारी जुटाने के लिए एआई का उपयोग किया जा रहा है।

(यह खबर कल्याणी चौधरी द्वारा लिखित है, जो जनसत्ता डॉटकाम में इंटर्न के तौर पर कार्यरत हैं।)

यह भी पढ़ें: पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, दीपक नांदल गैंग के चार गुर्गे ढेर

गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच के साथ हुई मुठभेड़ में दीपक नांदल गैंग के चार बदमाश मारे गए और एक घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, यह मुठभेड़ बृहस्पतिवार देर शाम सुशांत लोक फेज-2 के ए-ब्लॉक में हुई। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें

(इनपुट- पीटीआई)