महाराष्ट्रः रत्नागिरी की केमिकल फैक्ट्री में लगातार 1 के बाद 1 विस्फोट, आग; 4 की मौत
घटना की जानकारी पर आनन-फानन में वहां दमकल का दस्ता पहुंचा था। कुछ टीवी रिपोर्ट्स में बताया गया कि यह घटना सुबह आठ बजे के आसपास की है। सूत्रों की मानें तो घायलों और मृतकों की संख्या में इजाफा भी हो सकता है।

महाराष्ट्र के रत्नागिरी में शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। यहां के खेड़ तालुक में केमिकल फैक्ट्री में एक के बाद एक धमाके हुए, जिससे अचानक आग लग गई। दुर्घटना में चार लोगों के मारे जाने की खबर है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है।
हादसे की जानकारी पर आनन-फानन में वहां दमकल का दस्ता पहुंचा था। कुछ टीवी रिपोर्ट्स में बताया गया कि यह घटना सुबह आठ बजे के आसपास की है। सूत्रों की मानें तो घायलों और मृतकों की संख्या में इजाफा भी हो सकता है। फिलहाल इस घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। लेकिन कहा जा रहा है कि फैक्ट्री में बॉयलर ब्लास्ट होने की वजह से ही यह हादसा हुआ। बहरहाल घटना की सटीक वजह का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, फैक्ट्री में दो विस्फोट सुने गए। बताया कि दमकल और पुलिस कर्मियों ने कंपनी के अंदर फंसे करीब 40 अन्य कर्मचारियों को सही-सलामत बाहर निकाला। जहां घायलों को नजदीकी सिविल अस्पताल ले जाया गया, वहीं गंभीर जख्मी लोगों को मुंबई रेफर किया गया है। आग पर काबू पा लिया गया है।
बता दें कि कुछ महीने पहले ही महाराष्ट्र के धुले जिले के वहाड़ी में भी एक केमिकल फैक्ट्री में विस्फोट होने से 13 लोगों की मौत हो गई थी और 58 लोग बुरी तरह से घायल हो गए थे। इस बेहद दुखद घटना में मरने वालों के परिजनों को सरकार की ओर से 5-5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी गई थी।