मध्य प्रदेश की खराब सड़कों पर भड़के ऋषि कपूर, कहा- यहां सफर करना आसान नहीं
भोपाल से होशंगाबाद तक लगभग 75 किलोमीटर की कार से यात्रा करने के बाद कपूर ने यह शिकायत की है।

सोशल मीडिया पर अपने बयानों से चर्चा में रहने वाले बॉलीवुड अभिनेता एवं फिल्म निर्देशक ऋषि कपूर का कहना है कि मध्यप्रदेश की कुछ सड़कों पर यात्रा करना आसान नहीं है। इससे पहले बॉलीवुड की दो जानी मानी अभिनेत्रियां हेमा मालिनी एवं रवीना टंडन भी मध्यप्रदेश की खराब सड़कों के बारे में शिकायत कर चुकी हैं। भाजपा नेता हेमा मालिनी वर्तमान में मथुरा से सांसद हैं। कपूर ने कल होशंगाबाद में संवाददाताओं को बताया, ‘‘जब भारत में सब जगह बढ़िया सड़के बनाई जा रही हैं, शानदार राजमार्ग एवं फोर लेन वाली सड़कें बनाई जा रही हैं, तो यहां (मध्यप्रदेश में) ऐसी सड़कों का निर्माण क्यों नहीं किया जा रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भोपाल से नागपुर को जोड़ने वाली सड़क बहुत संकरी है। मैं आपके (मध्यप्रदेश) मुख्यमंत्री से अनुरोध करता हूं कि वह राज्य की सड़कों को सुधारें।’’
भोपाल से होशंगाबाद तक लगभग 75 किलोमीटर की कार से यात्रा करने के बाद कपूर ने यह शिकायत की है। भोपाल से नागपुर जाने के लिए इसी सड़क से होकर गुजरना पड़ता है। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने भोपाल से होशंगाबाद आते वक्त भारी ट्रैफिक देखा। यह बहुत भयानक था।’’ पहले भी ऋषि कपूर कई सेलेब्स पर निशाना साध चुके हैं। कपूर ने अमेरिकी राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन का भी ट्विटर पर मजाक उड़ाया था। इसके बाद भी कपूर पर सोशल मीडिया पर काफी निशाना साधा गया था। कपूर नेहरू-गांधी खानदान, शॉपिंग ब्रांड्स, बेटे रणबीर कपूर, पब्लिक पर्सनलिटीज और यहां तक की वे खुद का भी मजाक उड़ाते नहीं हिचकिचाते।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।