मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (MP CM Shivraj Singh Chouhan) के हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई। इस कारण हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। हेलीकॉप्टर में सवार सीएम शिवराज सिंह चौहान समेत सभी लोग सुरक्षित हैं। सीएम शिवराज सिंह चौहान रविवार को धार जिले में चुनावी सभा को संबोधित करने जा रहे थे। लेकिन मनावर से उड़ान भरने के बाद देदला गांव के पास हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण हेलीकॉप्टर को देदला में ही लैंड कराना पड़ा।
इमरजेंसी लैंडिंग के बाद शिवराज सिंह धार के लिए सड़क के रास्ते रवाना हुए
हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद शिवराज सिंह धार के लिए सड़क के रास्ते रवाना हुए। मध्य प्रदेश सीएमओ ने जानकारी देते हुए बताया, “मनावर से धार जा रहे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के हेलीकॉप्टर की तकनीकी खराबी के कारण मनावर में आपात लैंडिंग की गयी। वह अब सड़क मार्ग से धार जा रहे हैं।”
हेलीकॉप्टर के उड़ान भरने के 10 मिनट बाद आई खराबी
बता दें कि धार जिले के मोतीबाग चौक पर सीएम शिवराज की चुनावी सभा थी। लेकिन हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आने के कारण उन्हें वहां पहुंचने में देरी हो गई। बताया जाता है कि हेलीकॉप्टर के उड़ान भरने के 10 मिनट बाद ही उसमे खराबी आ गई, जिसके बाद पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए उसकी आपात लैंडिंग कराई। बता दें कि सीएम शिवराज की आज पांच जनसभाएं थीं जिसमे एक मनावर और धार में जबकि 3 पीथमपुर में थी।
धार रवाना होने से पहले शिवराज सिंह चौहान ने मनावर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा और अपनी सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। उन्होंने कहा कि मनावर का व्यवस्थित विकास हो, व्यापार ठीक से चले और पानी की व्यवस्था हो, बस इसी के लिए भाजपा की सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने जनता को विश्वास दिलाया कि यहां पर किसी के साथ अन्याय नहीं होगा और सड़कों की व्यवस्था भी अच्छी होगी।
कांग्रेस पार्टी के हाथ जोड़ो कार्यक्रम को लेकर भी शिवराज सिंह चौहान ने उन पर निशाना साधा। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस वालों हाथ मत जोड़ो, बल्कि माफी मांगो। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार की सभी अच्छी योजनाएं कमलनाथ सरकार जब 15 महीनों के लिए बनी थी, तब बंद करवा दी गई थी। इसके लिए कांग्रेस को माफी मांगने चाहिए।