इन दिनों उत्तर भारत के कई जिले मानसून की बारिश से प्रभावित हैं। कई राज्यों में बाढ़ के हालात हैं। मध्य प्रदेश के कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं। भारी बारिश की वजह से नदी-नाले उफान पर हैं जिस वजह से हादसे होने का खतरा भी बढ़ गया है। एमपी के राजगढ़ में तो सोमवार को ऐसा ही एक हादसा हो भी गया जहां 9 लोगों की जान चली गई। दरअसल, राजगढ़ में निर्माणाधीन पुल पर भारी बारिश के बीच ईको वैन नाले में बह गई। इस वैन में 11 लोग सवार थे जिसमें से 9 लोगों की मौत की पुष्टि की जा चुकी है। शुरुआती जांच में यह हादसा ड्राइवर की लापरवाही की वजह से हुआ है।
कैसे हुआ ये हादसा?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हादसे में 9 लोगों की जान चली गई है। बाकी बचे 2 लोगों ने तैरकर अपनी जान बचा ली। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हादसा सोमवार सुबह पचोर-सारंगपुर रोड पर पड़ाना कस्बे के पास झिरी नाले पर बने निर्माणाधीन पुल पर हुआ। 11 लोगों से भरी हुई ईको वैन इस पुल से गुजर रही थी। पानी का बहाव इतना ऊपर था कि पुल ठीक से दिख नहीं रहा था। इसी दौरान ड्राइवर से गाड़ी पुल से नीचे उतर गई। हादसे में मारे गए लोगों में तीन पुरुष, दो महिलाएं और एक तीन साल का बच्चा शामिल है।
अधिकारी ने हादसे पर क्या कहा?
इस हादसे को लेकर SDOP सारंगपुर हरविंद सिंह ने बताया कि सुबह 9 बजे के आस-पास हमें इस हादसे की सूचना मिली। जानकारी यह मिली थी कि एक गाड़ी जो सतवास क्षेत्र से सारंगपुर की तरफ आ रही थी और पड़ाना गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। ड्राइवर ने जल्दबाजी में गाड़ी को पार करने का प्रयास किया और वह नाले में जा गिरी। शुरूआत में दो लोगों को बचाया गया लेकिन 9 लोगों के लापता होने की सूचना मिली थी। अब तक 9 शव बरामद किए जा चुके हैं जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
हादसे में मृतकों को मिला मुआवजा
इस हादसे को लेकर राजगढ़ कलेक्टर डॉ गिरीश मिश्रा की भी प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने बताया कि नाले में बहे सभी 9 शव कर लिए गए हैं। मृतकों के परिजनों को सरकार की ओर से चार-चार लाख रुपये देने की स्वीकृति दी गई है। खुद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने का ऐलान किया।
मुख्यमंत्री ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि राजगढ़ जिले के पचोर-सारंगपुर मार्ग पर बारिश के कारण हुई दुर्घटना में यात्रियों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद है, मेरी संवेदनाएं प्रभावित परिजनों के साथ हैं। मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। दुर्घटना में लापता नागरिकों की खोजबीन जारी है। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी रविवार को जोरदार बारिश हुई। रविवार रात से हो रही बारिश सोमवार सुबह तक नहीं रूकी। भोपाल की सड़कें भी पानी से लबालब हैं।
यह भी पढ़ें: Weather Forecast: दिल्ली एनसीआर में आज भी रेड अलर्ट, तेज हवाएं चलने की भी संभावना
IMD के मुताबिक, सेंट्रल दिल्ली, ईस्ट दिल्ली, नॉर्थ दिल्ली, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली, नॉर्थ वेस्ट दिल्ली, शाहदरा में आज के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली के मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने 10 और 11 अगस्त के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां पढ़ें पूरी खबर…
