भोपाल में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) महासभा के कार्यकर्ताओं ने पूर्ण रूप से 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर सोमवार को विधानसभा तक मार्च निकालने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों ने विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उन्हें रोशनपुरा चौराहे पर रोक दिया।

कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेड पर चढ़ गए उन्हें हटाने के लिए पानी की बौछारें छोड़ी गईं।

ओबीसी महासभा ने पूर्ण रूप से 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण तत्काल लागू करने, लंबित 13 प्रतिशत आरक्षण पर लगी रोक हटाने, लंबित भर्ती प्रक्रियाएं पूरी करने और ओबीसी समुदाय के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करने की मांग की है।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बीजेपी सरकार पर समुदायों के बीच बंटवारा करने का आरोप लगाया। उमंग सिंघार ने कहा, ”सरकार को ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण देना चाहिए।” ओबीसी महासभा की राष्ट्रीय कोर समिति के सदस्य लोकेन्द्र गुर्जर ने आरोप लगाया कि सरकार ने ओबीसी समुदाय की मांगों पर ध्यान देने के बजाय पानी की बौछारें छोड़ी। गुर्जर ने कहा कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण लागू करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए तो महासभा हाई कोर्ट तक न्याय मार्च निकालेगी।

मध्य प्रदेश सरकार ने साल 2018 में ओबीसी के लिए आरक्षण 14 प्रतिशत से बढ़ाकर 27 प्रतिशत कर दिया था हालांकि यह कानूनी विवाद की वजह से अब तक लागू नहीं हो सका है।

कांग्रेस विधायक सचिन यादव ने कहा कि कांग्रेस ने लगातार ओबीसी के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण की मांग का समर्थन किया है और भाजपा इसमें देरी कर रही है। मध्य प्रदेश में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष मनोज यादव ने भाजपा सरकार पर ओबीसी समुदाय की उपेक्षा करने का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- ‘ओबीसी आरक्षण सिर्फ यादवों और मुस्लिमों ने खाया’

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा है कि ओबीसी आरक्षण को समाजवादी पार्टी की वजह से सिर्फ यादवों और मुसलमानों ने खाया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।