मध्य प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी गुरुवार को राहुल गांधी से मिलने केरल पहुंचे। वहां उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा में पैदल चलते हुए राहुल गांधी से करीब आधे घंटे तक बातचीत की। इस मुलाकात की तस्वीर पटवारी ने खुद सोशल मीडिया पर साझा की है।
कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव, भारत जोड़ो यात्रा और राजस्थान के सियासी हलचल के बीच इन तस्वीरों से नई अटकलें शुरू हो गई हैं। जीतू पटवारी को राहुल गांधा का करीबी और विश्वसनीय माना जाता है। हाल में उन्होंने मध्य प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था।
कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए अशोक गहलोत के अलावा मध्य प्रदेश से पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और कमलनाथ के नाम की भी चर्चा है। इन चर्चाओं के बीच जीतू पटवारी के तस्वीरों के कई मायने निकाले जा रहे हैं, पटवारी ने राहुल गांधी से बातचीत और अशोक गहलोत से मुलाकात की तस्वीर एक ही ट्वीट में साझा की है।
चर्चा है कि संगठन में जीतू पटवारी का कद बढ़ सकता है। फिलहाल मध्य प्रदेश की कमान कमलनाथ के हाथ में है। कांग्रेस पहले ही यह स्पष्ट कर चुकी है कि वह 2023 का विधानसभा चुनाव कमलनाथ के नेतृत्व में ही लड़ेगी। ऐसे में अगर कमलनाथ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बनते हैं और गहलोत कांग्रेस अध्यक्ष तो क्या एमपी कांग्रेस अध्यक्ष की कमान जीतू पटवारी के हाथ जा सकती है!
प्रदेश में जीतू पटवारी हमेशा एक्टिव नजर आते हैं। कांग्रेस की भी कोशिश रही है कि मध्य प्रदेश में दूसरी पंक्ति के युवा नेताओं को आगे बढ़ाया जाए। कमलनाथ की सरकार में पटवारी मंत्री भी बनाए गए थे। अब कयास है कि राज्य के विधानसभा चुनाव से पहले उन्हे संगठन के भीतर कोई बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है।
एक दूसरी चर्चा भारत जोड़ो यात्रा को लेकर है। बताया जा रहा है कि जीतू पटवारी की राहुल गांधी से मुलाकात भारत जोड़ो यात्रा को लेकर हुई। एमपी में कांग्रेस की यात्रा 14 दिन तक रहेगी। रूट में मध्य प्रदेश का इंदौर भी शामिल है। पटवारी इंदौर के ही राऊ विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। वह भारत जोड़ो यात्रा के समन्वय समिति के सदस्य भी हैं।