मध्य प्रदेश के इंदौर से दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है। यहां के बंगाली चौराहा के पास स्थित एक कॉलोनी में बुधवार तड़के भीषण हादसा हुआ। कॉलोनी स्थित एक घर में इलेक्ट्रिक कार चार्ज करने के दौरान शॉर्ट सर्किट होने आग लग गई, जिससे छह लोगों की जलकर मौत हो गई।

हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ। जानकारी अनुसार यहां रहने वाले पुगलिया परिवार के घर के बाहर देर रात इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग पर लगी हुई थी। सुबह शॉर्ट सर्किट हुआ जिससे कार ने आग पकड़ ली। यही आग तेजी से फैलते हुए घर तक पहुंची, जहां 15 सिलेंडर रखे हुए थे। आग के कारण सिलेंडरों में विस्फोट शुरू हो गया।

एक के बाद एक, कुल चार सिलेंडर ब्लास्ट कर गए, जिससे पूरा इलाका दहल गया। वहीं, धमाकों की वजह से घर का एक हिस्सा भी ढह गया, जिससे अंदर सो रहे लोगों को भागने तक का मौका नहीं मिला। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार पुगलिया परिवार के यहां कोई फंक्शन था, जिससे कई रिश्तेदार भी उनके घर आए हुए थे। फिलहाल हादसे में छह लोगों के मौत की पुष्टि है।

वहीं, 3 लोग गंभीर रूप से घायल है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान विजय सेठिया (65), राशि सेठिया (12), छोटू सेठिया (22), सुमन (60), मनोज (65) और सिमरन (30) के रूप में हुई है। जबकि, घायलों की पहचान सौरभ पुगलिया, आशीष और हर्षित पुगलिया के रूप में हुई है।

इंदौर के पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने शुरुआती जांच के नतीजों का खुलासा करते हुए बताया कि घर के बाहर चार्ज हो रही एक इलेक्ट्रिक गाड़ी के चार्जिंग पॉइंट में धमाका हो गया, जिससे आग लग गई और वह तेजी से पूरे घर में फैल गई। घर के अंदर रखे 15 से ज्यादा गैस सिलेंडरों में धमाके होने से आग और भी ज्यादा भड़क गई, जिससे यह हादसा और भी भयानक हो गया। इस घटना में छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यह घर मनोज पुगलिया का था, जो पॉलीमर का कारोबार करते थे और अपने यहां ज्वलनशील रसायन भी रखते थे, जिससे आग और भी तेजी से फैली।

जांच में यह बात भी सामने आई है कि घर में इलेक्ट्रिक लॉक लगे थे। ऐसे में जब आग के कारण पावर कट किया गया तो वे खुद ही लॉक हो गए। इस कारण अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने में परेशानी हुई। दरवाजों को तोड़कर अंदर घुसना पड़ा।

वहीं, इंदौर के DM शिवम वर्मा ने एक अहम जानकारी देते हुए बताया, “बचाव कार्य जारी है। आग पर काबू पा लिया गया है। छह लोगों की जान चली गई है। दो मंजिलों को खाली करा लिया गया है, लेकिन हमारी टीम एक और मंजिल की जांच कर रही है।”

दमकलकर्मियों ने घंटों तक आग से जूझते हुए उसे सफलतापूर्वक बुझाया, जबकि NDRF की टीमों ने मलबे में बचे हुए पीड़ितों की तलाश की। यह अभियान घनी आबादी वाले इलाकों में शहरी अग्निशमन की चुनौतियों को उजागर करता है, जहां बचाव दल ढह चुकी इमारतों और खतरनाक परिस्थितियों के बीच जान बचाने को प्राथमिकता देते हैं।

यह भी पढ़ें – पंजाब में LPG संकट गहराया: बढ़ती मांग के बीच आपूर्ति ‘अपर्याप्त’, वितरकों ने बढ़ोतरी की मांग उठाई

पंजाब में रसोई गैस का संकट और मांग बढ़ गई है। तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) वितरकों ने मंगलवार को कहा कि केंद्र सरकार और पेट्रोलियम विपणन कंपनियां पर्याप्त उपलब्धता का दावों के बावजूद राज्य में एलपीजी की आपूर्ति ‘अपर्याप्त’ है। वितरकों ने बकाया आपूर्ति को पूरा करने के लिए रसोई गैस की आपूर्ति बढ़ाने की मांग की। पूरी खबर पढ़ें…