मध्य प्रदेश सरकार ने जबलपुर जिले के बरगी डैम में हुए क्रूज नाव हादसे के बाद कार्रवाई करते हुए पायलट समेत तीन कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया है। राज्य सरकार ने बोट क्लब प्रबंधक को निलंबित कर दिया है। इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई थी।

राज्य सरकार के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि लापरवाही के लिए जिम्मेदार पाए जाने पर क्रूज पायलट महेश पटेल, सहायक छोटेलाल गोंड और टिकट काउंटर प्रभारी बृजेंद्र की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।

अधिकारी ने बताया कि होटल मैकाल रिसॉर्ट एवं बोट क्लब बरगी के प्रबंधक सुनील मरावी को लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया है।

क्षेत्रीय प्रबंधक का तबादला

अधिकारी के अनुसार, क्षेत्रीय प्रबंधक संजय मल्होत्रा का तबादला कर उन्हें भोपाल स्थित पर्यटन विभाग मुख्यालय भेज दिया गया है तथा उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की गई है। गौरतलब है कि बृहस्पतिवार शाम नर्मदा नदी पर बने बरगी डैम में तेज तूफान के दौरान क्रूज नाव पलटने से नौ लोगों की मौत हो गई थी। 28 लोगों को बचा लिया गया था।

मोहन यादव ने पीड़ितों से की मुलाकात

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को जबलपुर पहुंचकर बरगी डैम नौका हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस घटना की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने की घोषणा भी की। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस संकट की घड़ी में उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।

इस दौरान उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।

बच्चे को बचाने के लिए सीने से लगा लिया

जबलपुर स्थित बरगी डैम में गुरुवार को एक क्रूज नाव पलट गई। इस घटना में अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है। बचाव अभियान के दौरान शुक्रवार को एक ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने वहां मौजूद अधिकारियों एवं अन्य लोगों को झकझोर कर रख दिया। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।