कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता कमल नाथ ने दावा किया है कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी बड़ा खेल कर सकती है। छिंदवाड़ा में एक बैठक में शामिल होने पहुंचे कमलनाथ ने कहा कि भाजपा के कई विधायक उनके संपर्क में हैं। ऐसा ही दावा ग्वालियर में कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस विधायक लाखन सिंह ने भी किया था। हालांकि कमलनाथ ने यह भी कहा कि पार्टी अपने संगठन को ही प्राथमिकता देगी। मध्य प्रदेश विधानसभा का चुनाव अगले साल होने वाला है।
उन्होंने पार्टी की नई पहल बाल कांग्रेस की तारीफ करते हुए कहा कि यह बहुत जरूरी है। समाज और राष्ट्र निर्माण में नई पीढ़ी की बड़ी जरूरत है। इसीलिए बाल कांग्रेस बनाने का फैसला किया गया। एक छात्र के रूप में अपने देश का इतिहास, संस्कृति, संविधान का ज्ञान देने के लिए यह शुरू किया गया है।
दूसरी तरफ भाजपा नेता और मध्य प्रदेश सरकार में चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा है कि कमलनाथ 1984 सिख विरोधी दंगों में आरोपी रहे हैं। कांग्रेस को उन्हें प्रदेश अध्यक्ष पद और पार्टी से निकाल देना चाहिए। कहा कि कमलनाथ ने आज तक इसके लिए माफी नहीं मांगी है।
एमपी में कांग्रेस और भाजपा एक-दूसरे पर हुई हमलावर
उधर, भारत जोड़ो यात्रा पर निकले वरिष्ठ नेता और पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 20 नवंबर को बुरहानपुर से मध्य प्रदेश में प्रवेश करने वाले हैं। इसको लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस जोरदार तैयारी में लगी है और भाजपा पर हमलावर हो रही है तो दूसरी तरफ भाजपा भी कांग्रेस के हर हमले पर पलटवार करने से नहीं चूक रही है।
दिग्विजय सिंह ने कहा- भारत जोड़ो यात्रा का दिख रहा असर
कांग्रेस के एक अन्य नेता और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को दावा किया कि पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में जारी भारत जोड़ो यात्रा के असर से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत को मदरसा और मस्जिद जाने पर मजबूर होना पड़ा है और कुछ ही दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी ‘टोपी’ पहननी शुरू कर देंगे। दिग्विजय भारत जोड़ो यात्रा की आयोजन समिति के प्रमुख हैं।
उन्होंने इंदौर में यात्रा की तैयारियों की समीक्षा के बीच संवाददाताओं से कहा, “भाजपा इन दिनों आलोचना के लिए खासकर राहुल गांधी को इसलिए चुन रही है, क्योंकि उनकी भारत जोड़ो यात्रा के एक महीने के भीतर भागवत मदरसा और मस्जिद जाने लगे हैं। थोड़े ही दिनों में मोदी भी टोपी पहनने लगेंगे।”