बिहार के मधुबनी जिले में पुलिसकर्मी की गोलीबारी से एक ग्रामीण की मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान गुस्से में एक महिला ने मधुबनी के जिलाधिकारी (DM) आनंद शर्मा का कॉलर पकड़ लिया। महिला का यह वीडियो अब चर्चा में है।
मामला मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव का है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार तड़के एक ASI कथित तौर पर एक महिला के घर गया था। बताया जा रहा है कि गांव के कुछ लोगों ने उसे महिला के घर में देख लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने ASI को पकड़कर एक कमरे में बंद कर दिया। इसी दौरान ASI ने अपनी सर्विस पिस्टल से फायरिंग कर दी।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, ASI ने वहां से भागने की कोशिश करते हुए चार राउंड गोलियां चलाईं। इस गोलीबारी में 50 वर्षीय अशोक यादव की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए मधुबनी के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें एक व्यक्ति के पैर, दूसरे की कमर और तीसरे के गर्दन के पास गोली लगी है।
मधुबनी के एसएसपी योगेंद्र कुमार के मुताबिक, आरोपी ASI बलिराजगढ़ गांव में बने पुलिस पिकेट पर तैनात था। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि वह कथित तौर पर महिला के घर अक्सर आता-जाता था।
एसएसपी ने बताया कि ASI का महिला के साथ कथित तौर पर अवैध संबंध था और वह उससे कुछ सामान लेने के लिए नियमित रूप से उसके घर जाता था। सोमवार रात भी वह महिला के घर पहुंचा था। इसी दौरान ग्रामीणों ने उसे देख लिया और पकड़ लिया। इसके बाद हुई घटना में उसने गोलीबारी कर दी।
ASI सस्पेंड, गिरफ्तारी के लिए बनाई गईं पांच टीमें
घटना के बाद आरोपी ASI मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एसएसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बाबूबरही थाने में हत्या का मामला दर्ज किया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष टीमें बनाई गई हैं।
एसएसपी ने आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वाली विश्वसनीय जानकारी देने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये का इनाम देने की भी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद मामले में तेजी से सुनवाई कराई जाएगी और उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी।
ग्रामीणों के गुस्से का सामना करने पहुंचे DM
गोलीबारी में एक ग्रामीण की मौत के बाद गांव के लोगों में काफी नाराजगी है। इसी बीच जब मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा ग्रामीणों के बीच पहुंचे तो एक महिला ने गुस्से में उनका कॉलर पकड़ लिया। घटना के दौरान महिला काफी आक्रोशित नजर आई। ग्रामीणों का गुस्सा इस बात को लेकर था कि पुलिसकर्मी की गोलीबारी में एक व्यक्ति की जान चली गई।
घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है। वहीं, फरार ASI की तलाश में छापेमारी जारी है।
यह भी पढ़ें: ‘क्राइम हो सकते हैं लेकिन अपराध नहीं…’, तेजस्वी यादव का सम्राट चौधरी के बयान पर तंज- क्या PM ने बिहार को इनके हाथों बर्बाद कराने की सुपारी ली है?
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने एक बयान को लेकर सुर्खियों में छा गए हैं। उनके बयान को लेकर विपक्ष भी सामने आ गया और उनपर तंज कसने लगे हैं। दरअसल सीएम सम्राट चौधरी ने दिल्ली दौरे के तीसरे दिन राज्य में अपराध को लेकर कह दिया कि बिहार में कोई अपराध ही नहीं है, अपराध का कॉन्सेप्ट ही खत्म हो चुका है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
