सुनसान सड़क, पीछा करते संदिग्ध मोटरसाइकिल और अचानक थमती कार—फिर जो हुआ, वह किसी फिल्म के दृश्य से कम नहीं था। लुधियाना में एक अनिवासी भारतीय महिला (NRI) ने कथित लुटेरों का सामना करने के लिए जैसे ही तलवार निकाली और सड़क के बीचोंबीच उतरकर खड़ी हो गईं, तो मोटरसाइकिल सवार घबराकर भाग निकले।

रिश्तेदार के घर जा रही थी महिला

बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम घटी इस घटना का वीडियो खुद महिला की एक रिश्तेदार ने रिकॉर्ड किया, जो उसी कार में उनके साथ सफर कर रही थीं। उस वक्त हरजिंदर कौर कार चला रही थीं, जबकि उनकी रिश्तेदार आगे की सीट पर बैठी वीडियो बना रही थीं। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया से लौटी कौर अपनी रिश्तेदार और सास के साथ लुधियाना में एक रिश्तेदार के घर जा रही थीं, तभी उन्हें संदेह हुआ कि एक मोटरसाइकिल पर सवार दो लोग उनकी कार का लगातार पीछा कर रहे हैं।

लुधियाना में शनिवार को कौर ने संवाददाताओं को बताया कि उन्होंने मोटरसाइकिल को आगे निकलने के लिए रास्ता भी दे दिया, लेकिन इसके बावजूद कथित बदमाश उनकी कार का पीछा करने लगे। संदेह होने पर उनकी मौसी ने घटना की रिकॉर्डिंग शुरू कर दी।

कुछ देर बाद जैसे ही कौर ने कार की रफ्तार धीमी की, तभी बदमाशों में से एक ने दृश्य बाधित करने के लिए अचानक ‘विंडस्क्रीन’ पर अंडे फेंके। वीडियो में देखा जा सकता है कि बदमाश पहले कार को तेजी से ओवरटेक करते हैं और फिर सुनसान सड़क पर कुछ दूरी आगे जाकर बीच रास्ते ही वाहन रोककर मानो घात लगाकर खड़े हो जाते हैं।

तलवार लेकर बदमाशों को डराया

रिश्तेदार के बार-बार रोकने और विनती करने के बावजूद कौर ने उनका सामना करने का मन बना लिया और कार से बाहर निकल पड़ीं। कौर गाड़ी से उतरते ही तलवार निकालकर सड़क पर खड़ी हो गईं और कथित बदमाशों को आगे आने की खुली चुनौती दे डाली। इतना ही नहीं, डर को मात देते हुए वह तलवार हवा में लहराते हुए उनकी ओर कुछ कदम बढ़ भी गईं। कौर के तेवर और निर्भीक अंदाज से घबराकर दोनों कथित बदमाश आखिरकार उल्टे पांव भाग खड़े हुए।