पंजाब के लुधियाना के पॉश इलाके किचलू नगर में गुरुवार को अचानक मुख्य सड़क धंस गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, सड़क धंसने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन को तुरंत मौके पर पहुंचना पड़ा। हादसे के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर सड़क को पूरी तरह बंद कर बैरिकेडिंग कर दी।

एडीसीपी ट्रैफिक गुरप्रीत कौर पुरेवाल ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया, “जनता के लिए व्यवस्था कर दी गई है और भीड़ को नियंत्रित करने और किसी को भी प्रतिबंधित क्षेत्र में आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिसकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया है। जब तक कोई समाधान नहीं निकल जाता तब तक ये जरूरी डायवर्जन लागू रहेंगे।”

जानकारी के मुताबिक, डीएमसी रोड की ओर जाने वाली सड़क करीब 15 से 20 फीट गहराई तक धंस गई जबकि गड्ढे की लंबाई लगभग 30 फीट बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ट्रैक्टर-ट्रॉली वहां से गुजरने के कुछ देर बाद सड़क तेजी से धंसने लगी। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना तुरंत नगर निगम और पुलिस को दी गई। एहतियात के तौर पर पास के एक मकान को खाली करा दिया गया, जबकि निगम की टीम आरसीसी सपोर्ट देकर इमारत को सुरक्षित करने में जुट गई।

अंडरग्राउंड केबल या यूटिलिटी लाइनें बिछाने के दौरान लापरवाही

प्राथमिक जांच में नगर निगम को आशंका है कि अंडरग्राउंड केबल या अन्य यूटिलिटी लाइनें बिछाने के दौरान हुई लापरवाही की वजह से सड़क धंसी हो सकती है। पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई है। नगर निगम ने लोगों से फिलहाल डीएमसी रोड की बजाय वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार, सड़क की मरम्मत और यातायात सामान्य होने में करीब 10 दिन का समय लग सकता है।

यह भी पढ़ें: पटना में सड़क हादसे के बाद भारी बवाल

पटना में सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद शुक्रवार को बड़ा बवाल हो गया है। गुस्साए लोगों ने एक बस में आग लगा दी और मौके पर पहुंची पुलिस की तीन गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें