Lucknow Murder News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक 21 वर्षीय शख्स को पिता की निर्मम हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कहा कि अपने बेटे के साथ अपने करियर को लेकर हुए झगड़े के बाद उस आदमी की गोली मारकर हत्या कर दी गई, उसके शरीर के टुकड़े-टुकड़े कर दिए गए और शरीर के कुछ हिस्सों को ठिकाने लगा दिया गया।

फार्मास्यूटिकल और शराब का था बिजनेस

मृतक की पहचान मनवेंद्र सिंह (49) के रूप में हुई है जिनका फार्मास्यूटिकल और शराब का भी बिजनेस था। वो शुक्रवार से लापता बताए जा रहे थे। पुलिस ने कहा कि उन्हें असली कहानी का पता केवल तब चला जब वो उनके घर पहुंचे। वहां उन्हें मनवेंद्र के शव के टुकड़े एक बैरल में पड़े मिले और उन्होंने इस संबंध में उनके बेटे अक्षत प्रताप सिंह से पूछताछ की।

पुलिस ने कहा कि कड़ी पूछताछ के बाद अक्षत ने पिता की हत्या और उनकी लाश को टुकड़ों में करके ठिकाने लगाने का जुर्म कबूल कर लिया। बकौल पुलिस मनवेंद्र चाहते थे कि उनका बेटा मेडिकल की प्रतियोगी परीक्षा में बैठे और उसी क्षेत्र में अपना भविष्य बनाए। लेकिन बेटा इसके खिलाफ था।

बहन को धमकाकर करा दिया चुप

इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था और इसी कारण अक्षत एक बार पहले घर से भाग भी गया था। हालांकि, शुक्रवार को शाम 4.30 बजे फिर एक बार विवाद होने के बाद अक्षत ने पिता को गोली मार दी। हत्या उपरांत वो शव को तीसरी मंजिल के ग्राउंड फ्लोर पर लेकर आया और उसके टुकड़े करना शुरू किया।

पुलिस ने कहा कि ऐसा करते हुए उसे जब उसकी बहन ने उसे देखा तो उसने उसे डरा-धमकाकर चुप करा दिया। फिर वो उसके सामने ही शव को टुकड़ों में काटता और उन्हें प्लास्टिक बैग भरता गया। बाद में उसने उन्हें सदरुना के पास फेंक दिया। जबकि धड़ समेत कुछ हिस्सों को उसने नीले ड्रम में डाल दिया, जो घर के अंदर रखा था।

उसके कबूलनामे के बाद, फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है और उन्होंने घर से सैंपल इकट्ठा किए। शरीर के अंगों को ढूंढने की भी कोशिश की जा रही है। अक्षत को पुलिस कस्टडी में रखा गया है। लखनऊ के आशियाना इलाके के एक सीनियर अधिकारी विक्रांत वीर ने कहा कि मिले सबूतों के आधार पर, संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।