लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग में आग लगने की वजह से सोमवार को 15 लोगों की मौत हो गई। एलडीए ने इस इमारत को गिराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस घटना की जांच के लिए FSL और SIT टीम मौके पर मौजूद है। कोचिंग सेंटर में आग लगने की वजह से घायल हुए कुल सात लोगों में से पांच को घर भेज दिया गया है।
केजीएमयू के प्रवक्ता डॉक्टर केके सिंह ने बताया कि जो दो पीड़ित अभी अस्पताल में भर्ती हैं, उनमें एक लड़की है जिसकी पैर में चोट लगी है। हालांकि यह चोट गंभीर नहीं है लेकिन लड़की सदमे में है। इस लड़की के परिजन मंंगलवार सुबह ही गुरुग्राम से लखनऊ पहुंचे हैं। इसके अलावा अस्पताल में भर्ती दूसरा मरीज वह लड़का है जिसकी रीड की हड्डी में चोट है। यह लड़का तीसरी मंजिल से कूदा था और जब वह नीचे गिरा तो एक रॉड उसकी उसकी पीठ के निचले हिस्से में लगी। यह लड़का भी सदमे में भी था लेकिन अब उसकी हालत स्थिर है।
यह भी पढ़ें: बिजली की तार बनी ‘लाइफलाइन’ । बिल्डिंग को 2016 में गिराने का दिया था आदेश, दो महीने में वापस क्यों लिया? । 8 बिल्लियां, 7 कुत्ते और एक तोता बचाए गए
दिल्ली में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा जांच, सैकड़ों इमारतें सील
दिल्ली में कोचिंग केंद्रों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में अग्नि एवं भवन सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच के लिए बहु-एजेंसी अभियान चलाया जा रहा है। महापौर प्रवेश वाही ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
यह कदम लखनऊ में एक कोचिंग संस्थान में आग लगने की घटना के एक दिन बाद उठाया गया है, जिसमें कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में अधिकांश छात्र थे। वाही ने कहा, ''नगर निगम, दिल्ली अग्निशमन सेवा, पुलिस और अन्य एजेंसियां न केवल मुखर्जी नगर और ओल्ड राजेंद्र नगर जैसे कोचिंग केंद्रों में, बल्कि पूरे शहर में निरीक्षण अभियान चला रही हैं।''
Lucknow Fire News LIVE: यह घटना पूरी तरह से सरकार और प्रशासन की लापरवाही का नतीजा- अजय राय
कांग्रेस के यूपी अध्यक्ष अजय राय ने कहा- यह घटना पूरी तरह से सरकार और प्रशासन की लापरवाही का नतीजा है... उस इमारत को गिराने का आदेश पहले ही जारी हो चुका था... बिजली का लोड विभाग द्वारा दिए गए कनेक्शन की क्षमता से कहीं ज़्यादा था, फिर भी इसे ठीक करने के लिए कोई कदम नहीं उठाए गए... जब शॉर्ट सर्किट हुआ, तो बायोमेट्रिक लॉक वाला दरवाज़ा जाम हो गया। बच्चे उसे खोलने और पीटने की कोशिश करते रहे, लेकिन दरवाज़ा नहीं खुला और आखिरकार दम घुटने और जलने से उनकी मौत हो गई। सरकार की पूरी ज़िम्मेदारी है... मैं उन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करता हूं जिनकी वजह से गिराने का आदेश कभी लागू नहीं किया गया। उनके खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज होना चाहिए... आरोप-प्रत्यारोप से काम नहीं चलेगा... जब भी सरकार मुश्किल में फंसती है, तो वह SIT बना देती है...
Fire News LIVE: नोएडा में लेबर कैंप मे आग लगी, कोई हताहत नहीं
नोएडा के थाना सेक्टर 126 क्षेत्र के रायपुर गांव में बने एक लेबर कैंप में मंगलवार सुबह आग लगी गई जिसे दमकल की पांच गाड़ियों की मदद से बुझा लिया गया। मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि सुबह सात बजे के करीब दमकल विभाग को सूचना मिली कि रायपुर गांव की एक इमारत में आग लग गई है जिसमें कई मजदूर अपने परिवारों के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम और पुलिस ने आग बुझाने का काम शुरू किया तथा पांच गाड़ियों की मदद से करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
Lucknow Fire News LIVE: अनामिका की मां से सुबह की बात आखिरी साबित हुई
कोलकाता के बेहाला में रहने वाले सामंत परिवार के लिए सोमवार की शुरुआत माँ और बेटी के बीच रोजाना होने वाली फोन कॉल के साथ हुई थी, लेकिन शाम तक, यह रोज का सिलसिला हमेशा के लिए टूट गया। हावड़ा (कोलकाता) जिले की, एक गांव की 30 साल की अनामिका सामंत सोमवार को लखनऊ के अलीगंज इलाके में एक व्यावसायिक इमारत में लगी भीषण आग में मारे गए लोगों में शामिल थीं।
वह पिछले तीन सालों से लखनऊ में काम कर रही थीं। उनकी माँ, सुलेखा सामंत, अपनी आखिरी बातचीत को याद करते हुए आंसू रोकने की कोशिश कर रही थीं। उन्होंने कहा, "उसने सोमवार सुबह मुझसे बात की थी। हम रोज बात करते थे। मैंने कभी नहीं सोचा था कि वह हमारी आखिरी बातचीत होगी।"
Lucknow Fire News LIVE: यूपी को दिल्ली की घटना से सबक लेना चाहिए था- संदीप दीक्षित
अलीगंज कोचिंग सेंटर में आग लगने की घटना पर कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा- दिल्ली में भी करीब 2-3 साल पहले ऐसी ही घटना हुई थी। तब यह बात साफ हो गई थी कि स्थानीय अधिकारियों और बड़ी राजनीतिक पार्टियों के बड़े नेताओं की मिलीभगत से ऐसे कई गैर-कानूनी संस्थान चल रहे थे। ये सेंटर बिना फायर क्लीयरेंस या बिल्डिंग की सुरक्षा के जरूरी इंतजामों के बिना चलते हैं। उत्तर प्रदेश प्रशासन को इस मामले पर पहले ही ध्यान देना चाहिए था, आखिर दिल्ली कोई दूर तो है नहीं... उन्हें इस बात की भी जांच करनी चाहिए कि किन सरकारी लोगों ने ऐसे संस्थानों को बचाया, और इसमें स्थानीय नगर निगम अधिकारियों, विधायकों, सांसदों और राज्य सरकार की कितनी मिलीभगत थी।
Lucknow Fire News LIVE: SIT का झुनझुना पकड़ा दिया गया- संंजय सिंह
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने कहा- लखनऊ में भीषण अग्निकाण्ड हुआ। जिस बिल्डिंग में आग लगी उसको गिराने का आदेश 2016 में हुआ था। क्या उसमें आग से बचने का इंतज़ाम नहीं था? क्या बिल्डिंग जर्जर थी? किसके कहने पर आदेश वापस हुआ? दमकल की गाड़ियाँ देर से क्यों पहुँची? 15 लोगों की जान चली गई फिर SIT का झुनझुना पकड़ा दिया गया। ईश्वर मृतकों की आत्मा को शांति प्रदान करे और परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दे।
उन्होंने आगे कहा- KGMU में घायल लवप्रीत से मिला, उसने कूदकर अपनी जान बचाई पैर में चोट है, जयंत आईसीयू में भर्ती है। गर्मी के दिनों में ऐसी अग्निकांड की घटना बढ़ जाती हैं,लेकिन बुलडोजर चलाने वाली योगी सरकार के पास आग बुझाने का इंतज़ाम नहीं है। मामले की गंभीरता से जाँच हो दोषियों को जेल भेजा जाए। मुआवजे के नाम पर मृतकों के साथ मज़ाक न किया जाए।
Lucknow Fire News LIVE: प्रशासन सख्त कदम उठाने की दिशा में काम कर रहा है- मुख्तार अब्बास नकवी
मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा- यह बेहद दुखद है। लखनऊ में एक इमारत में आग लगने से कई लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। राज्य सरकार और माननीय मुख्यमंत्री ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई की है और प्रशासन सख्त कदम उठाने की दिशा में काम कर रहा है। मेरी राय में, भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए यह जरूरी है कि इस तरह की आपराधिक लापरवाही और घोर लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। यह सुनिश्चित करना भी ज़रूरी है कि ऐसी दुखद घटनाएँ दोबारा न हों।
Lucknow Fire News LIVE: यह घटना बहुत दुखद- ओपी राजभर
ओम प्रकाश राजभर ने कहा - यह बहुत दुखद घटना है। मैं पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। मुख्यमंत्री ने खुद इस घटना का संज्ञान लिया है। दोषी पाए गए लोगों को सस्पेंड कर दिया गया है। सात दिनों के भीतर रिपोर्ट मांगी गई है। इस मामले में जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
Lucknow Fire News LIVE: एलडीए ने इमारत गिराने की प्रक्रिया शुरू की
लखनऊ विकास प्राधिकरण ने अलीगंज की उस अवैध व्यावसायिक इमारत को गिराने का नोटिस जारी किया है, जिसमें आग लगने से 15 लोगों की मौत हो गई थी। एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने यह जानकारी दी। एलडीए ने इस रिहायशी इमारत को व्यावसायिक तौर पर गैर-कानूनी तरीके से चलाने के मामले में अपने ही संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, तीन मंजिला इस इमारत को 2016 में गैर-कानूनी निर्माण के कारण गिराने का आदेश दिया गया था, लेकिन दो महीने से भी कम समय में उस आदेश को वापस ले लिया गया था।
Lucknow Fire News LIVE: सरकार को जांंच करनी चाहिए- जेबी माथर
कांग्रेस सांसद जेबी माथर ने कहा- यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसी घटनाएं बार-बार होती रहती हैं - हमने इसे दिल्ली में देखा और अब लखनऊ में। ऐसी घटनाओं पर नजर रखने के लिए क्या व्यवस्था है? सरकार को इस बात की जांच करनी चाहिए कि क्या गड़बड़ हुई और यह सुनिश्चित करने के लिए कड़ा कदम उठाना चाहिए कि ऐसी घटनाएं कहीं भी दोबारा न हों।
Lucknow Fire News LIVE: चार गिरफ्तार किए गए
लखनऊ अलीगंंज आग मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि कल रात से अब तक चार लोगों को गिरफ़्तार किया गया है और कुछ अधिकारियों को सस्पेंड भी किया गया है। SIT की रिपोर्ट के आधार पर इस मामले में सख़्त कार्रवाई की जाएगी; किसी को भी बख़्शा नहीं जाएगा।
Lucknow Fire News LIVE: मृतक बच्चों के परिजन पहुंच रहे लखनऊ
मृतक अनामिका सामंत ने पिता ने कहा- वह यहां 3D एनिमेशन में काम कर रही थी। लोकल पुलिस स्टेशन ने हमें यहां के OC से संपर्क करने के लिए कहा। हमें बताया गया कि वह आग की घटना से बच नहीं पाई और सब कुछ जल गया। हम कोलकाता से आए हैं।
Lucknow Fire News LIVE: FSL और SIT टीम कर रहीं जांच
लखनऊ जोन के ADG प्रवीण कुमार ने कहा - मुख्यमंत्री के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम बनाई गई है। हम अभी घटनास्थल का निरीक्षण कर रहे हैं। हम सभी पहलुओं की गहन जांच करेंगे। हम हर विभाग की जिम्मेदारियों की विस्तार से जांच करेंगे। हम बहुत जल्द अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे।
भीम आर्मी चीफ ने भी जताया शोक
लखनऊ अग्निकांड पर भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि लखनऊ के अलीगंज में एक कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग में 13 छात्रों की दर्दनाक मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद, हृदयविदारक और झकझोर देने वाला है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और बेहतर भविष्य के सपने लेकर आए इन छात्रों का इस तरह असमय दुनिया से चले जाना पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी छात्रों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं तथा उनके शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं। प्रकृति उन्हें इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।
दो सदस्यीय SIT का गठन, सीएम योगी का फैसला
लखनऊ अग्निकांड को लेकर 2 सदस्यीय SIT का गठन किया गया है। सीएम योगी ने हाई लेवल मीटिंग के बाद ये फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने सात दिन में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। विशेष जांच दल में अमृत अभिजात, अपर मुख्य सचिव, पर्यटन, धर्मार्थ और संस्कृति विभाग और प्रवीण कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन हैं।
मंत्री एके शर्मा ने जताया दुख
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री एके शर्मा ने कहा, "आज एक दुखद घटना में 15 बच्चों की जान चली गई और सात बच्चों को घायल अवस्था में केजीएमयू लाया गया। इनमें से पांच को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है लेकिन दो का इलाज अभी भी केजीएमयू में चल रहा है। जिन बच्चों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदना है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उन्हें अपने चरणों में स्थान दें और उनके माता-पिता और अभिभावकों को इस गहरे दुख को सहने की शक्ति दें।"
एक महिला ऑक्सीजन सपोर्ट पर
अस्पताल में मुख्यमंत्री ने एक घायल महिला से बात की जिसे ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। अधिकारियों के अनुसार अलीगंज की रहने वाली उस महिला ने आदित्यनाथ को बताया कि वह उसी इमारत में काम करती थी। चिकित्सकों ने मुख्यमंत्री को बताया कि महिला के पैर की हड्डी टूट गई है। बयान के अनुसार योगी आदित्यनाथ ने घटनास्थल पर मौजूद कुछ चश्मदीदों से भी बातचीत की और घटना के बारे में जानकारी ली।
Lucknow Fire News LIVE: लखनऊ के लिए रवाना हुए राजनाथ सिंह
राजनाथ सिंह लखनऊ के लिए रवाना हो गए हैं। वह सबसे पहले घटना स्थल का दौरा करेंगे और हालातों का जायजा लेंगे। इसके बाद वह केजीएमयू में घायलों से मुलाकात करेंगे।
Lucknow Fire News LIVE: इन 15 बच्चों की हुआ मौत
लखनऊ प्रशासन ने हादसे में जान गंंवाने वाले बच्चों की लिस्ट जारी की है। लिस्ट के अनुसार, कोचिंग में आग लगने की वजह से 15 लोगों की मौत हो गई जबकि 9 घायल हैं।
Lucknow Fire News LIVE: मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद
यूपी सीएमओ की तरफ से हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के लिए पांच लाख रुपये की मदद का ऐलान किया गया है। इस हादसे में घायल लोगों को पचास हजार रुपये की मदद की जाएगी।
Lucknow Fire News LIVE: मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद
यूपी सीएमओ की तरफ से हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के लिए पांच लाख रुपये की मदद का ऐलान किया गया है। इस हादसे में घायल लोगों को पचास हजार रुपये की मदद की जाएगी।
केजीएमयू में पीड़ित परिवारों से मिले योगी
योगी आदित्यनाथ ने केजीएमयू में पीड़ित परिवारों से मुलाकात की है
केजीएमयू पहुंचे सीएम योगी
घटना स्थल का जायजा लेने के बाद सीएम योगी केजीएमयू पहुंचे हैं। यहां वह पीड़ित परिवारों से मिल रहे हैं।
Lucknow Fire News LIVE: तुरंत लखनऊ जा रहा हूं- राजनाथ सिंह
लखनऊ में आग लगने की घटना पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "मुझे अभी लखनऊ में आग लगने की एक दुखद घटना के बारे में जानकारी मिली है, जिसमें लोगों की जान गई है; यह वाकई एक बहुत दुखद घटना है। इस मुश्किल समय में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं और मैं घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। मैंने कुछ प्रशासनिक अधिकारियों से बात की है और हालात का जायजा लेने के लिए मैं तुरंत लखनऊ जा रहा हूं।"
Lucknow Fire News LIVE: मेरे दोस्त ने फोन कर कहा था- भाई बचाओ, आग लग गई
कोचिंग सेंटर के बाद मीडिया से बात करते हुए अभिषेक चौधरी नाम के युवा ने बताया कि उनके दोस्त आदित्य श्रीवास्तव ने फोन कर कहा कि भाई जल्दी आओ, बचाओ लेकिन हम कुछ नहीं कर सके। वहां बता रहे हैं कि शॉर्ट सर्किट हुआ था, जिस वजह से बिल्डिंग में आग लग गई। वहां कोई इंतजाम नहीं था, न हथौड़ा था.... कोई फायदा नहीं हुआ।
Lucknow Fire News LIVE: अस्पताल लाए गए 15 लोगों की मौत- प्रेम राज सिंह
KGMU के MS प्रेम राज सिंह ने कहा, "अस्पताल लाए जाने से पहले ही 15 लोगों की मौत हो चुकी थी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी भेज दिया गया है। 7-8 और लोगों को भी लाया गया था। उनमें से दो को मामूली चोटें आईं। एक युवक को रीढ़ की हड्डी में चोट लगी है; हमारे डॉक्टर अभी उसका इलाज कर रहे हैं। एक युवती के पैर में चोट है और उसकी भी जांच की जा रही है। वे सभी लगभग 25-27 साल के लग रहे हैं। ज़्यादातर मौतें दम घुटने से हुईं।"
Lucknow Fire News LIVE: राजनाथ भी लखनऊ जाएंगे
डिफेंस मिनिस्टर राजनाथ सिंह थोड़ी देर में लखनऊ के लिए रवाना होंगे। वह लखनऊ के मौजूदा सांसद हैं। इस हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है।
Lucknow Fire News LIVE: घटना स्थल पर पहुंचे सीएम योगी
लखनऊ के सीएम योगी आदित्यनाथ घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। यूपी के वरिष्ठ अधिकारी उन्हें हादसे के कारणों से अवगत करा रहे हैं।
Lucknow Fire News LIVE: राष्ट्रपति ने जताया दुख
लखनऊ हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख जताया है। उन्होंने X पर पोस्ट के जरिए कहा- लखनऊ में हुई भीषण अग्नि दुर्घटना में अनेक लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
Lucknow Fire News LIVE: मरने वालों में 12 पुरुष, तीन महिलाएंं
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मरने वालों में 12 पुरुष और तीन महिलाए हैं। जान बचाने के लिए ऊपर से कूदने वाले एक बच्ची की रीड की हड्डी टूट गई है।
