दिल्ली के उत्तरी जिले के मुकुंदपुर इलाके में मंगलवार को एलपीजी सिलेंडर फटने से एक मंजिला मकान ढह गया, जिसमें छह लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस दुर्घटना में छह लोग घायल हुए हैं। उनकी स्थिति के बारे में फिलहाल स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। डॉक्टरों द्वारा मेडिकल टेस्ट्स के बाद ही उनकी हालत का पता चल पाएगा। पुलिस ने बताया कि जिस इमारत में विस्फोट हुआ, वहां बर्तनों की पॉलिशिंग का काम किया जाता था।

सिलेंडर फटने के बाद गिरा मकान

थाना प्रभारी गिरिराज ने बताया, “एलपीजी सिलेंडर विस्फोट के कारण लगभग 250 वर्ग गज क्षेत्र में बना एक मंजिला मकान ढह गया है। मौके पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।” वहीं, दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि मुकुंदपुर इलाके में एलपीजी सिलेंडर फटने के बाद एक मकान गिर गया है। सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया गया।

अधिकारियों ने कहा कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मामले में अधिक जानकारी का इंतजार है।

गौरतलब है कि इससे पहले पूर्वी दिल्ली के शाहदरा स्थित अजीत नगर इलाके में भी सिलेंडर विस्फोट की घटना सामने आई थी, जिसमें कम से कम चार लोग घायल हो गए थे। शाहदरा के पुलिस उपायुक्त (DCP) राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि यह घटना दोपहर करीब 1:30 बजे हुई। सूचना मिलने पर हेड कांस्टेबल राहुल और कांस्टेबल कुलदीप मौके पर पहुंचे और पहली मंजिल पर फंसे एक महिला, बच्चों और एक पुरुष को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

डीसीपी के मुताबिक, शुरुआती जांच में विस्फोट का कारण गैस सिलेंडर की पाइप में रिसाव माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें – साकेत हादसा: ‘पिता किसान थे, बेटा बनता डॉक्टर’, मलबे में दब गए 22 साल के रवि के सारे सपने

दक्षिण दिल्ली के साकेत के पास सैदुलाजाब में एक चार-मंजिला इमारत गिरने से अब तक छह लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में रवि प्रकाश भी शामिल थे। उनका परिवार उन्हें डॉक्टर बनते देखना चाहता था, लेकिन उनका वह सपना टूट गया। पूरी खबर पढ़ें…