Ghaziabad News: गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र के तहत ट्रोनिका सिटी के मीरपुर हिंदू गांव में गार्बेज डिस्पोजल सेंटर को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया। पचायरा, बदरपुर और मीरपुर हिंदू गांव के किसान और ग्रामीण लंबे समय से इस गार्बेज डिस्पोजल सेंटर का विरोध कर रहे थे। रविवार दोपहर जब वे अपनी मांगों के समर्थन में ज्ञापन सौंपने इकट्ठा हुए, तो पुलिस के साथ उनकी झड़प भड़क उठी। स्थिति इतनी नियंत्रण से बाहर हो गई कि पुलिस को प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बिना किसी चेतावनी के दौड़ा-दौड़ाकर लाठियां बरसानी शुरू कर दी। इस हिंसक कार्रवाई में महिलाओं और बुजुर्गों समेत लगभग 50 से 60 लोग घायल हुए।

प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया?

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पुलिस ने खेतों की तरफ भाग रहे ग्रामीणों को भी घेर-घेरकर पीटा। इस लाठीचार्ज में कई लोगों के हाथ-पैर टूटने की सूचना मिली, जबकि एक युवक की कूल्हे की हड्डी टूट गई और एक बुजुर्ग महिला मौके पर ही बेहोश हो गई। घटना तब शुरू हुई जब आक्रोशित ग्रामीण डंपिंग ग्राउंड के मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। सूचना मिलते ही एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि वे इस जमीन पर गार्बेज डिस्पोजल सेंटर के बजाय स्कूल या अस्पताल की मांग कर रहे हैं, क्योंकि डंपिंग ग्राउंड के कारण पूरे इलाके में महामारी और बदबू फैलने का खतरा है।

महिला किसान राखी और सोनू ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने महिलाओं पर भी बेरहमी से लाठियां चलार्इं। 55 साल के मोहम्मदीन ने बताया कि पुलिस ने उन्हें गाड़ी में बैठाकर अपमानित किया और धरने पर न आने की चेतावनी दी। वहीं 70 साल की बुजुर्ग धन सिंह ने पुलिस पर पत्थरबाजी का आरोप लगाने को गलत ठहराया और कहा कि घायल वृद्धाओं के जबरन वीडियो बनवाकर उनकी बर्बरता छुपाई जा रही है।

मीरपुर हिंदू गांव में भारी पुलिस फोर्स तैनात

वहीं, एसीपी सिद्धार्थ गौतम का कहना है कि पुलिस ने स्थिति को शांतिपूर्वक संभालने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने र्इंट-पत्थर फेंककर हमला किया। पुलिस ने दावा किया कि इस पथराव में दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उन्होंने केवल हल्का बल प्रयोग किया। प्रशासन ने उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। घटना के बाद मीरपुर हिंदू गांव और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पूरे इलाके में तनाव व्याप्त है। गाजियाबाद में रिटायर्ड फौजी के घर पुलिस की बड़ी छापेमारी, पत्नी की एक शिकायत ने खोली पोल; जानें पूरा मामला