बिहार: LJP को तगड़ा झटका! BJP में शामिल हुईं MLC नूतन सिंह
नूतन सिंह मौजूदा बिहार सरकार में वन एवं पर्यावरण मंत्री नीरज सिंह बबलू की पत्नी हैं।

बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) चीफ चिराग पासवान को बड़ा झटका दिया है। सोमवार (22 फरवरी, 2021) को उनकी पार्टी की विधान परिषद सदस्य नूतन सिंह इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गईं। भाजपा में शामिल होने के बाद नूतन सिंह ने कहा कि मेरे पति भी इसी पार्टी में हैं इसलिए मैंने भी भाजपा में शामिल होने का फैसला किया। ताकि हम दोनों साथ काम कर सकें। नूतन सिंह को साल 2015 में एमएलसी चुना गया था।
नूतन सिंह मौजूदा बिहार सरकार में वन एवं पर्यावरण मंत्री नीरज सिंह बबलू की पत्नी हैं। जो दिवंगत बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के चचेरे भाई हैं। बबलू सिंह को नीतीश सरकार में भाजपा कोटे से मंत्री बनाया गया है। बता दें कि नूतन सिंह एलजेपी की इकलौती एमएलसी थीं और उनके भाजपा में जाने के बाद अब बिहार विधान परिषद में चिराग की पार्टी का कोई सदस्य नहीं बचा। खबर लिखे जाने तक चिराग पासवान ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया नहीं दी है।
मालूम हो कि करीब एक सप्ताह पहले भी एलजेपी के 200 से अधिक नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जेडीयू का दामन थाम लिया था। इधर सिंह के पार्टी छोड़ने पर हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) के दानिश अली में चिराग पर निशाना साधा है। उन्होंने पूछा कि चिराग फिर कहें कि भाजपा से उनका गठबंधन है। उन्होंने रामविलास पासवान के सपने को चकनाचूर कर दिया। उनकी आत्मा चिराग को कभी माफ नहीं करेगी। बता दें कि इससे पहले भाजपा ने जेडीयू को भी झटका दिया था।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले अरुणाचल प्रदेश में जेडीयू के छह विधायक भाजपा में शामिल हो गए थे। तब जेडीयू ने भाजपा के इस रुख पर नाराजगी जताई थी। पार्टी की बड़ी बैठकों में भी इसे मुद्दे को उठाया गया था। जेडीयू ने इसे अनुचित और गैर दोस्ताना बताया है। इसके पहले नागालैंड में भी जेडीयू के एकमात्र विधायक को वहां के मुख्यमंत्री ने तोड़कर अपनी पार्टी में शामिल करा लिया था।