पश्चिम बंगाल में टीएमसी के सांसद बापी हलदार के दफ्तर में कुछ लोगों ने तोड़फोड़ की है। इसके पीछे वजह यह बताई जा रही है कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों और बाढ़ से प्रभावित परिवारों के लिए जो राहत सामग्री लाई गई थी, वह टीएमसी सांसद के दफ्तर के अंदर जमा थी। इससे लोग नाराज हो गए।
लोगों का आरोप था कि राहत सामग्री को जरूरतमंदों में नहीं बांटा गया बल्कि सांसद के दफ्तर में जमा कर लिया गया। टीएमसी सांसद का यह दफ्तर पश्चिम बंगाल के मथुरापुर इलाके में है।
इस खबर के फैलते ही टीएमसी सांसद के दफ्तर के बाहर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए और उन्होंने राहत सामग्री को बाहर निकाल लिया। इस दौरान नारेबाजी भी हुई और माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया।
भीड़ ने टीएमसी सांसद के दफ्तर में तोड़फोड़ भी की। स्थानीय लोगों का कहना था कि कई इलाकों में राहत सामग्री की जरूरत है लेकिन इसके बावजूद इसे नहीं बांटा गया। उन्होंने टीएमसी नेताओं पर आरोप लगाया कि उन्होंने राहत सामग्री को रोक लिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया।
टीएमसी और बीजेपी में राजनीतिक टकराव
पश्चिम बंगाल में सरकार बदलने के बाद से ही टीएमसी और बीजेपी के कार्यकर्ताओं के बीच लगातार तनातनी की खबरें आ रही हैं। पिछले दिनों टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर हमला हुआ और उसके बाद टीएमसी के एक और सांसद कल्याण बनर्जी ने दावा किया कि उन पर बीजेपी समर्थकों ने हमला किया है।
अभिषेक और कल्याण बनर्जी के साथ हुई घटनाओं को लेकर बीजेपी और टीएमसी के नेताओं के बीच लगातार बयानबाजी की जा रही है। पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने भी इस मामले में बीजेपी पर हमला बोला है। इससे पश्चिम बंगाल में राजनीतिक तनाव बढ़ रहा है और टीएमसी और बीजेपी दोनों ही एक दूसरे पर राजनीतिक हिंसा भड़काने का आरोप लगा रहे हैं।
ममता बनर्जी पर अस्पताल के CEO को धमकाने का आरोप
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की एक वीडियो क्लिप वायरल हो रही है। इसमें कथित तौर पर वह एक प्राइवेट अस्पताल के सीईओ को डांटती हुई नजर आ रही हैं। बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता देबजीत सरकार ने इस क्लिप को शेयर किया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
