LJP Foundation Day: बिना नाम लिए चिराग ने बीजेपी पर साधा निशाना, कहा – 2025 से पहले हो सकते हैं बिहार चुनाव, 243 सीटों की करो तैयारी
लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगला बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले हो सकता है और कार्यकर्ता सभी सीटों पर चुनाव की तैयारी करें।

लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) का आज स्थापना दिवस है। इस मौके पर पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान ने कार्यकर्ताओं को पत्र लिखा है। इस पत्र में चिराग ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) का नाम लिए बिना उनपर निशाना साधा है और अगले बिहार विधानसभा चुनाव में सभी 243 सीटों में चुनाव लड़ने के संकेत दिये हैं। चिराग ने अपने पिता राम विलास पासवान को याद करते हुए कार्यकर्ताओं से कहा कि उनके आशीर्वाद से बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट के संकल्पित लक्ष्य को प्राप्त करेंगे।
चिराग ने लिखा “पापा अब हमारे बीच नहीं हैं, जिससे हम सभी को अपूरणीय क्षति हुई है। उनकी गैरमौजूदगी में पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव लड़ा। चुनाव में पार्टी को 24 लाख वोट और लगभग 6 प्रतिशत मत अकेले प्राप्त हुए हैं, जो लोजपा के विस्तार को साफ़ दिखाता है। बिहार में पार्टी ने बिहार 1st बिहारी 1st के साथ कोई समझौता नहीं किया।”
चिराग ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगला बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले हो सकता है और कार्यकर्ता सभी सीटों पर चुनाव की तैयारी करें। चिराग ने पत्र में आगे लिखा कि बिहार विधानसभा चुनाव में जाने से पूर्व पार्टी के पास दो विकल्प थे- पहला, बिहार से छह लोकसभा और एक राज्यसभा सांसद होने के बावजूद गठबंधन द्वारा दी जा रही मात्र 15 सीटों पर चुनाव लड़े। दूसरा, अधिकांश सीटों पर फ्रेंडली फाइट करें। लोजपा संसदीय बोर्ड ने दूसरा रास्ता चुना व बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी ने बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट संकल्प के साथ अकेले 135 प्रत्याशी मैदान में उतारे थे।
चिराग ने कहा “2015 का विधानसभा चुनाव लोजपा ने गठबंधन के साथ मिलकर लड़ा था, जिसमें पार्टी मात्र 2 सीट जीत पाई थी। मुझे गर्व है कि अकेले अपने झंडे के नीचे चुनाव लड़कर पार्टी ने एक मजबूत जनाधार बनाया है। हमारी लड़ाई बिहार पर राज करने की नहीं, बल्कि बिहार को बेहतर बनाकर उस पर नाच करने की मुहिम में पार्टी लगी है, जिसके लिए पार्टी ने खुद संघर्ष का रास्ता चुना।
लोजपा अध्यक्ष ने कहा कि पापा हमेशा चाहते थे कि बिना किसी गठबंधन के पार्टी अकेले दम पर चुनाव लड़े ताकि पार्टी की नींव को मजबूत किया जा सके। 2020 के चुनाव में यह साबित कर दिया कि लोजपा के पास एक मजबूत जनाधार है, जो आने वाले चुनाव में पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले कर जाएगा।
चिराग पासवान ने कहा “बिहार विधानसभा के अगले चुनाव 2025 से पहले भी हो सकते हैं। हम सभी को 243 विधानसभा क्षेत्र की तैयारियों में अभी से लग जाना चाहिए ताकि सभी 243 सीटों पर पार्टी बिहार के लिए अपना विजन रख पाए। हम सभी लोजपाई पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय राम विलास पासवान जी के आशीर्वाद से बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट के संकल्पित लक्ष्य को प्राप्त करेंगे।”
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।