दिल्ली में शुक्रवार और शनिवार को शराब की दुकानें बंद रहेंगी। इसको लेकर दिल्ली सरकार ने गुरुवार को एक आदेश जारी किया है। न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, ‘मौजूदा’ स्थिति को बनाए रखने के लिए दिल्ली सरकार ने गुरुवार को यह निर्देश जारी किया कि 9 और 10 अक्टूबर को शहर की शराब की दुकानें बंद रहेंगी।
आबकारी विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि दिल्ली पुलिस इनपुट के आधार पर शराब की दुकानें बंद करने का फैसला लिया गया है, ताकि सुरक्षा के तौर पर कानून-व्यवस्था को बनाए रखा जा सके।
शराब दुकानें बंद करने का यह आदेश मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर विपक्ष द्वारा दिए जा रहे धरने-प्रदर्शनों के बीच आया है। विपक्ष दल लगातार ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। दिल्ली में कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन इसी मांग को लेकर पिछले तीन दिनों से प्रदर्शन कर रहा है।
सीजेपी 10 अक्टूबर से जंतर मंतर पर करेगी प्रदर्शन
कॉकरोच जनता पार्टी भी दस अक्टूबर से जंतर मंतर पर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर मंतर पर प्रदर्शन की बात कह चुकी है। एक सीनियर अधिकारी ने गुरुवार को कहा कि सीजेपी के प्रदर्शन से पहले दिल्ली में 20 हजार से ज्यादा पुलिस और पैरा-मिलिट्री के जवान तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि जंतर मंतर पर प्रदर्शन के लिए इजाजत नहीं दी गई है और लोगों से अपील की गई है कि वो ऐसे प्रदर्शन में शामिल न हों, जिसकी इजाजत नहीं दी गई है।
500 से ज्यादा अतिरिक्त महिला पैरामिलिट्री जवान करेंगी क्राउड मैनेज
द इंडियन एक्सप्रेस को पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दस अक्टूबर को जंतर मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन में बड़ी संख्या महिला प्रदर्शनकारियों के पहुंचने की उम्मीद है। यहां आने वाले क्राउड को कंट्रोल करने के लिए दिल्ली पुलिस को 450-500 से ज्यादा अतिरिक्त महिला पैरामिलिट्री जवान दिए जाएंगे।
10 अक्टूबर को होने वाले प्रदर्शन के लिए तैनात की जाने वाली 11,000 अतिरिक्त केंद्रीय बलों की टुकड़ियों में कम से कम 5 ऑल-विमेन कंपनियां दिल्ली पुलिस के साथ होंगी। इसके बाद दिल्ली में तैनात CAPF की संख्या बढ़कर लगभग 26,000 हो जाएगी। यह 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों के बाद से राजधानी में सबसे बड़ी सुरक्षा तैनाती है।
फिलहाल जंतर-मंतर वाले नई दिल्ली इलाके में 5,000 दिल्ली पुलिसकर्मी तैनात हैं। इसे बढ़ाकर 15,000 तक किया जा सकता है। यह अतिरिक्त महिला पैरामिलिट्री जवानों की तैनाती दिल्ली पुलिस की महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के अलावा अलग से होगी।
यह भी पढ़ें: राजघाट पर धारा 163 लागू । बेंगलुरु में CJP के प्रदर्शन में क्या हुआ । मुरली मनोहर जोशी की मोदी सरकार को सलाह
