गुरुग्राम पुलिस ने बुधवार को एक लीगल प्रोफेशनल को गिरफ्तार किया। शख्स पर आरोप है कि उसने प्रेमिका से हुए विवाद के बाद उसके इंटरव्यू को रुकवाने के लिए कंपनी को बम से उड़ाने की धमकी वाला फर्जी ईमेल भेजा। पुलिस के मुताबिक 29 वर्षीय आरोपी कोलकाता का निवासी है। उसने लंदन से एलएलएम की डिग्री हासिल की है और गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में लीगल एक्सपर्ट के रूप में कार्यरत है। उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।

मंगलवार को सुशांत लोक थाने को सेक्टर-43 स्थित ‘डीएलएफ होराइजन’ बिल्डिंग में बम की धमकी की सूचना मिली थी। इसके बाद बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर भेजे गए लेकिन जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।

प्रेमिका से हुई अनबन तो कंपनी को भेजा धमकी भरा ईमेल

कंपनी ‘कॉर्पोरेट एज’ के सुरक्षा अधिकारियों ने शिकायत दर्ज कराई कि सुबह 9:15 बजे कंपनी के आधिकारिक ईमेल पर धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ था। शिकायत के आधार पर सुशांत लोक थाने में एफआईआर दर्ज की गई। डीएलएफ के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) विकास कौशिक ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसकी प्रेमिका से अनबन चल रही थी। प्रेमिका को सेक्टर-43 स्थित ‘डीएलएफ होराइजन सेंटर’ में एक कंपनी में इंटरव्यू देना था।

आरोपी ने दी बम की धमकी ताकि उसकी प्रेमिका इंटरव्यू देने न जाए

एसीपी के अनुसार, आरोपी ने ‘डीएलएफ होराइजन सेंटर’ का ईमेल एड्रेस खोजकर बिल्डिंग में बम होने का दावा करते हुए धमकी भरा संदेश भेज दिया। उसका उद्देश्य दहशत फैलाना था ताकि उसकी प्रेमिका इंटरव्यू देने न जाए। आरोपी को उम्मीद थी कि वह उससे मदद मांगेगी और वह इस बहाने विवाद सुलझा लेगा। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर लिए हैं। उससे आगे की पूछताछ जारी है।

जांच के दौरान गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी को सेक्टर-31 से गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। वह वर्तमान में गुरुग्राम की एक प्राइवेट कंपनी में लीगल प्रोफेशनल के तौर पर कार्यरत है।

यह भी पढ़ें: मिनी ट्रक में ‘खास बकरियां’ लेकर भारत में की एंंट्री

भारत-म्यांमार सीमा पर बसे मणिपुर के टेंग्नौपाल जिले में सुरक्षाबलों ने दो लोगों को कथित तौर पर 24 जंगली पहाड़ी बकरियां की स्मगलिंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। मणिपुर पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें

(भाषा के इनपुट के साथ)