हरियाणा पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो शूटर को बहादुरगढ़ में पुलिस एनकाउंटर में मार गिराया है। पुलिस ने बताया कि शनिवार देर रात को एक गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों के बारे में पता चला और उन्हें रोकने की कोशिश की।

इस पर उन्होंने गोली चला दी और पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों शूटर घायल हो गए। पुलिस का कहना है कि दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस दौरान एक पुलिस कांस्टेबल के पैर में गोली लग गई। घायल कांस्टेबल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस के मुताबिक यह दोनों शूटर पिछले महीने हरियाणा के हांसी में जिम संचालक कपिल की हत्या में शामिल थे। कपिल की हत्या का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उस दौरान कपिल कुछ लोगों को एक्सरसाइज करवा रहे थे।

एक-एक लाख रुपये का इनाम

पुलिस की जांच में सामने आया कि हत्या को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े शूटर प्रवेश और हिमांशु ने अंजाम दिया था। दोनों आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। हरियाणा पुलिस की बहादुरगढ़ इकाई के एसटीएफ को दिल्ली पुलिस की ‘काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल’ से दोनों शूटर के बारे में गुप्त सूचना मिली थी।

पुलिस के मुताबिक, प्रवेश हिसार जिले के टिब्बा दानाशेर गांव का जबकि हिमांशु हिसार जिले के जाखोद खेड़ा गांव का रहने वाला था। पुलिस ने बताया कि इस मामले में आगे की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें- ‘न्याय के हित में सरेंडर करना चाहता हूं’

सलमान खान के घर पर फायरिंग केस में दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई ने अदालत में सरेंडर करने की अनुमति मांगी है। उसने मुंबई की विशेष अदालत में याचिका दायर की है, जिसमें उसने कहा है कि वह निष्पक्ष सुनवाई और न्याय के हित में इस मामले में आत्मसमर्पण करना चाहता है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।