हाल ही में बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की वरिष्ठ नेता राबड़ी देवी की सुरक्षा वापस लिए जाने के मुद्दे पर पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है। बुधवार को मीडिया से बातचीत के दौरान लालू यादव ने इस फैसले को लेकर बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “हां, सुरक्षा हटा ली गई है। यह सब नीतीश कुमार ने ही करवाया है।” उनके इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था और राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता को लेकर बहस तेज हो गई है।
दरअसल, कुछ दिन पहले बिहार सरकार ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को प्रदान की गई ‘जेड प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा वापस लेने का आदेश जारी किया था। इस फैसले के सामने आने के बाद राजद कार्यकर्ताओं और नेताओं ने कड़ी नाराजगी जताई थी। पार्टी का आरोप है कि यह निर्णय राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है और विपक्षी नेताओं को कमजोर करने की कोशिश का हिस्सा है।
वहीं, राज्य सरकार की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया था कि सुरक्षा में बदलाव का निर्णय 4 जून को आयोजित राज्य सुरक्षा समिति की बैठक में की गई सिफारिशों के आधार पर लिया गया है। सरकार का कहना है कि सुरक्षा श्रेणियों की समय-समय पर समीक्षा की जाती है और उसी प्रक्रिया के तहत यह फैसला लिया गया। आदेश में बिहार पुलिस मुख्यालय समेत संबंधित अधिकारियों को नई सुरक्षा व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश भी दिए गए थे।
सिर्फ लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी ही नहीं, बल्कि उनके बड़े बेटे और पूर्व विधायक तेज प्रताप यादव की ‘वाई’ श्रेणी की सुरक्षा भी समाप्त कर दी गई है। हालांकि, राजद के वरिष्ठ नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, राज्यसभा सांसद मीसा भारती तथा राजश्री यादव की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बिहार में आगामी राजनीतिक गतिविधियों और चुनावी माहौल के बीच सुरक्षा को लेकर लिया गया यह फैसला विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच नए सियासी विवाद को जन्म दे सकता है। वहीं राजद इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाने की तैयारी में है, जबकि सरकार इसे पूरी तरह प्रशासनिक और सुरक्षा समीक्षा प्रक्रिया का हिस्सा बता रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह मामला बिहार की राजनीति में और अधिक चर्चा का विषय बन सकता है।
यह भी पढ़ें: लालू परिवार ने लौटाई सुरक्षा, आवास के बाहर से सुरक्षाकर्मी नदारद, सिक्योरिटी कम करने के बाद लिया फैसला
बिहार में पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के आवास के बाहर शनिवार की सुबह एक भी सुरक्षाकर्मी नहीं दिखे। उन्होंने पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित अपने सरकारी आवास के बाहर तैनात सभी सुरक्षाकर्मियों को वापस भेज दिया है। दरअसल, बिहार सरकार ने लालू यादव और राबड़ी देवी को मिली Z+ सुरक्षा वापस ले ली है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
