राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने गुरुवार को अपना 79वां जन्मदिन परिवार और समर्थकों के बीच धूमधाम से मनाया। बिहार की राजधानी पटना स्थित राबड़ी आवास पर पूरे दिन बधाई देने वालों का तांता लगा रहा, जबकि शाम को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ने जश्न को और खास बना दिया।

जन्मदिन के मौके पर लालू यादव ने पत्नी राबड़ी देवी, बेटी मीसा भारती, वरिष्ठ नेता जयप्रकाश नारायण यादव और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ 79 पाउंड का विशाल केक काटा। इसके बाद भोजपुरी गीतों और बिहार की पारंपरिक लोक संस्कृति से सजे कार्यक्रम की शुरुआत हुई।

उपहार के रूप में दे दिया कंगन

कार्यक्रम में प्रसिद्ध भोजपुरी गायक छोटू छलिया ने अपनी प्रस्तुति से माहौल को रंगीन बना दिया। उनके गीतों पर लालू यादव और परिवार के सदस्य भी उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद लेते नजर आए। राबड़ी देवी कलाकार की प्रस्तुति से इतनी प्रभावित हुईं कि उन्होंने अपने हाथ का हीरे जड़ा कंगन उतारकर उन्हें उपहार के रूप में दे दिया।

इस प्रकरण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दैनिक जागरण की एक रिपोर्ट के अनुसार बाद में इस प्रकरण के संबंध में छोटू छलिया ने कहा, “राबड़ी मां मुझे हमेशा अपने बेटे की तरह स्नेह देती हैं। पहले उन्होंने मुझे सोने की चेन दी थी, फिर सोने की अंगूठी और अब हीरे का कंगन मिला है।”

जन्मदिन समारोह के दौरान लालू यादव अपने पुराने अंदाज में भी दिखे। राबड़ी देवी का हाथ थामकर बाहर आए लालू ने समर्थकों का अभिवादन किया और कई कार्यकर्ताओं को अपने हाथों से भोजन परोसा।

पटना के अलावा बिहार के विभिन्न जिलों में भी राजद कार्यकर्ताओं ने अपने नेता का जन्मदिन अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए मनाया। केक काटने, सामाजिक कार्यों और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने लालू यादव को शुभकामनाएं दीं।

यह भी पढ़ें – पटना में राबड़ी देवी के आवास के बाहर लाठियां लेकर डटे आरजेडी कार्यकर्ता, लालू परिवार की सुरक्षा बहाल करने की मांग

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और उनकी पत्नी राबड़ी देवी की सुरक्षा व्यवस्था का मामला राज्य की राजनीति में काफी तूल पकड़ गया है। आरजेडी के कार्यकर्ता शनिवार को पूरी रात पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के घर के बाहर डटे रहे। पूरी खबर पढ़ें…