Lalu Yadav News: राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव रूटीन हेल्थ चेकअप के लिए सिंगापुर पहुंच गए हैं। रोहिणी आचार्य अपने पति के साथ एयरपोर्ट पर अपने पिता का स्वागत करने पहुंचीं। लंबे समय बाद पिता से मुलाकात होते ही रोहिणी भावुक हो गईं और उन्हें गले लगा लिया।
पिता के आगमन से खुश रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो पोस्ट किया। इसमें उन्होंने लिखा, “हमारे घर आज हमारे भगवान आए हैं। हमारी छोटी सी दुनिया में हमारे चारो धाम आए हैं। उनके चरणों की धूल ले लें हम, हमारे कृपानिधान आए हैं। रोहिणी की तरफ से शेयर किए गए वीडियो के अनुसार, लालू प्रसाद बिहार से ताजे आम, लीची, बर्फी और अन्य पारंपरिक मिठाइयों सहित कई चीजें लेकर पहुंचे।
दिसंबर 2022 में सिंगापुर के माउंट एलिजाबेथ अस्पताल में उनकी किडनी का प्रत्यारोपण हुआ था। यह यात्रा प्रत्यारोपण के बाद की नियमित जांच और फॉलो-अप के लिए है। चारा घोटाला मामलों में जमानत पर होने के कारण उनका पासपोर्ट अदालत में जमा था। अदालत ने पहले डॉक्टर की सलाह और उनकी स्वास्थ्य स्थिति को ध्यान में रखते हुए उनका पासपोर्ट जारी करने की अनुमति दी थी।
राजनीति में भी एक्टिव रहीं रोहिणी आचार्य
लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य केवल परिवार तक ही सीमित नहीं हैं। वह राजनीति में भी सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। उन्होंने सारण लोकसभा सीट से 2024 का लोकसभा चुनाव भी लड़ा था। इसके अलावा उन्होंने लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल के पक्ष में भी जमकर प्रचार किया था।
पिछले साल बिहार में हुए विधानसभा चुनाव के बाद लालू परिवार के अंदर कलह की खबरें सामने आई थीं। रोहिणी आचार्य ने आरोप लगाया था कि तेजस्वी यादव के करीबी लोगों ने उनके साथ राबड़ी आवास में बुरा बर्ताव किया। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि चुनावी हार का ठीकरा उन्हीं के सिर पर फोड़ा गया।
रोहिणी आचार्य ने लिखा था, “मुझे गाली दी गई और कहा गया कि मैंने अपने पिता को अपनी गंदी किडनी दे दी, करोड़ों रुपये लिए और जब मैंने टिकट खरीदा, तो मैंने उन्हें अपनी गंदी किडनी दे दी। मैं सभी विवाहित बेटियों और बहनों से कहना चाहूंगी कि जब आपके परिवार में कोई बेटा या भाई हो, तो गलती से भी अपने पिता को न छोड़ें, जो भगवान के समान हैं, बल्कि अपने भाई से कहें कि वह अपना गुर्दा या किसी हरियाणवी मित्र का गुर्दा दान कर दे।” यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
