बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए आरजेडी ने सुनील सिंह को उम्मीदवार बनाया है। सुनील सिंह यादव परिवार के काफी करीबी हैं। हालांकि आरजेडी से सुनील सिंह को टिकट मिलने पर लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य काफी नाराज हैं। उन्होंने सुनील सिंह का बिना नाम लिए उन्हें धोखेबाज और वसूली का धंधा करने वाला बता दिया। रोहिणी आचार्य ने फेसबुक पर एक पोस्ट में सुनील सिंह पर जमकर निशाना साधा।

सुनील सिंह पर रोहिणी आचार्य ने साधा निशाना

रोहिणी आचार्य ने एक सोशल मीडिया में लिखा, “गुटबाजी, भीतरघात, विश्वासघात, मक्कारी जिसकी फितरत, विरोधियों से जिसकी मिलीभगत, नजदीकियों की बात बता कर उगाही, वसूली करना जिसका धंधा, जो अपनी झूठी धौंस जताने के लिए पार्टी कार्यालय में पार्टी के कार्यकर्ताओं – पदाधिकारियों को सामने बिठा कर बहन-बेटियों के बारे में ओछी, अमर्यादित बातें है करता, उसको कैसे उसके ही द्वारा उम्मीदवार बना दिया गया, जिसे सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे ले जाने, पार्टी की बेहतरी की जिम्मेदारी लालू जी ने सौंपी?”

रोहिणी ने पूछा कि समर्पित, निष्ठावान कार्यकर्ताओं- नेताओं का टोंटा पड़ गया क्या? उन्होंने कहा कि ऐसे ही लोगों की वजह से वर्षों से मजबूती के साथ खड़े कार्यकर्ताओं-समर्थकों में असंतोष भी है और ऐसे ही लोगों की वजह से बीते वर्ष के नवंबर के महीने में हुआ नुकसान भी दिख ही चुका है।

रोहिणी ने आगे लिखा, “पार्टी की स्थापना के समय से लेकर आज तक पार्टी के साथ मजबूती से खड़े एक नहीं अनेकों समर्पित, सम्मानित, जमीन से जुड़े कट्टर लालूवादी अल्पसंख्यक चेहरे हैं। यादव, दलित, पिछड़े व वंचित समाज से आने वाले वरिष्ठ और युवा लोग हैं। ऐसे लोगों की अनदेखी गंभीर चिंता का विषय है और पार्टी हित में तो कतई नहीं है।”

परिवार से नाराज चल रहीं रोहिणी आचार्य

बता दें कि रोहिणी आचार्य ने 2024 का लोकसभा चुनाव सारण से लड़ा था और उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। माना जा रहा है कि आरजेडी विधान परिषद के लिए रोहिणी आचार्य के नाम को आगे कर सकती है। हालांकि ऐसा नहीं हुआ और रोहिणी आचार्य काफी समय से पार्टी से नाराज चल रही हैं।

(यह भी पढ़ें- पटना में राबड़ी देवी के आवास के बाहर लाठियां लेकर डटे आरजेडी कार्यकर्ता)

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और उनकी पत्नी राबड़ी देवी की सुरक्षा व्यवस्था का मामला राज्य की राजनीति में काफी तूल पकड़ गया है। आरजेडी के कार्यकर्ता शनिवार को पूरी रात पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के घर के बाहर डटे रहे। पढ़ें पूरी खबर