राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव का आज जन्मदिन है। वह 39 साल के हो गए। गुरुवार को पटना होर्डिंग रोड आवास पर उनका जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान लालू प्रसाद यादव भी उनके आवास पर पहुंचे। तेज प्रताप यादव ने आरजेडी प्रमुख को केक काटकर खिलाया।

जन्मदिन के मौके पर तेज प्रताप यादव के सियासी तेवर भी देखने को मिले। उन्होंने अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव के हालिया बयानों पर पलटवार करते हुए निशाना साधा। तेज प्रताप यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “नया-नया मुख्यमंत्री बने हैं यह सब को पता है। तेजस्वी जी ने कहा है कि हमारी पार्टी से निकलकर आज सम्राट मुख्यमंत्री बने हैं। तेजस्वी यादव तो खुद 25 सीटों पर सिमट गए। वह किसी को आगे नहीं बढ़ा पा रहे हैं। हमारी पार्टी जनशक्ति जनता दल लोगों को आगे बढ़ा रही है।”

सम्राट चौधरी को दी बधाई

तेज प्रताप यादव ने बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को भी बधाई दी है। उन्होंने कहा, “बिहार में नई-नई सरकार का गठन हुआ है। नौजवान जब आगे बढ़ता है तो एक नई दिशा तय होती है।” इतना ही नहीं तेज प्रताप यादव ने सम्राट चौधरी से कहा कि वह नीतीश कुमार के अधूरे कामों को पूरा करें और ज्यादा से ज्यादा युवाओं को रोजगार दें। साथ ही, तेज प्रताप यादव ने यह भी दावा किया कि उन्होंने सम्राट चौधरी सीएम बनने की भविष्यवाणी पहले ही कर दी थी और आज वह सही साबित भी हो गई। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के महत्व पर भी जोर दिया और कहा कि इस मोर्चे पर सरकार की प्रतिक्रिया उसकी प्रभावशीलता का एक प्रमुख मापदंड होगी।

लालू यादव ने तेज प्रताप को आरजेडी से निकाल दिया था

बता दें कि अनुष्का यादव को लेकर विवादों के बाद लालू यादव ने अपने बड़े बेटे तेज प्रताप को आरजेडी और परिवार दोनों से निकाल दिया था। इसके बाद तेज प्रताप यादव काफी चर्चा में रहे थे। आरजेडी से निकाले जाने के बाद अपनी नई पार्टी ‘जनशक्ति जनता दल’ बनाई। उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव के तहत कई सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे और खुद भी राजद की परंपरागत महुआ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। हालांकि, वह इस सीट से चुनाव हार गए।

अनुष्का संग रिश्ते को तेज प्रताप ने किया खारिज

तेज प्रताप यादव ने अनुष्का यादव संग अपने कथित रिश्तों को खारिज किया है। उन्होंने सोशल मीडिया की उन चर्चाओं को भी खारिज किया जिसमें कहा जा रहा है कि तेज प्रताप यादव पिता बन गए हैं। यादव ने कहा, “सोशल मीडिया पर फैल रही उन अफवाहों से मैं बहुत परेशान हूं कि जिस महिला के साथ मेरा नाम कुछ महीने पहले झूठा जोड़ा गया था, जिसके कारण मुझे पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था, उसने मेरे बच्चे को जन्म दिया है।” तेज प्रताप यादव ने कहा, “मैं इसे पूरी तरह से नकारता हूं। यह विवाद खड़ा किया गया है, आकाश भाटी सच्चाई का खुलासा करेंगे। वे मुझे बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। मैं अदालत जाऊंगा।” पढ़ें पूरी खबर…