बिहार की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला है। पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और उनकी पत्नी राबड़ी देवी का आवास बदल गया है। जब से उनकी सुरक्षा वापस ली गई है, दोनों अब तेजस्वी यादव के सरकारी आवास पर शिफ्ट हो रहे हैं। उनका सामान भी वहां ले जाया जा रहा है। एक वीडियो भी इसका सामने आया है।
कुछ दिन पहले ही बिहार सरकार ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को मिली ‘जेड प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा वापस ले ली थी। इसके साथ ही, राजद नेता और पूर्व विधायक तेजप्रताप यादव की ‘वाई’ श्रेणी की सुरक्षा भी हटा दी गई थी। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, राज्यसभा सांसद मीसा भारती और राजश्री यादव की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया।
असल में सरकार के अनुसार, यह फैसला 4 जून को आयोजित राज्य सुरक्षा समिति की बैठक में की गई सिफारिशों के आधार पर लिया गया था। आदेश में बिहार पुलिस मुख्यालय समेत संबंधित अधिकारियों को नई सुरक्षा व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए थे।
गृह विभाग द्वारा जारी पत्र के मुताबिक, लालू प्रसाद और राबड़ी देवी को दी गई ‘जेड प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा समाप्त कर दी गई थी। हालांकि, दोनों पूर्व मुख्यमंत्री हैं और उन्हें इस लिहाज से बिहार सरकार के एक अलग कानूनी प्रावधान के तहत सुरक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। लेकिन इस एक फैसले के बाद ही आरोप-प्रत्यारोप का नया दौर देखने को मिला। लालू और राबड़ी ने सरकार द्वारा दी गई सुरक्षा को ही वापस कर दिया था। अब उनका सरकारी आवास भी बदल चुका है।
