Haryana News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक किराए के मकान में रहने वाले 40 वर्षीय राजेश का शव खून से लथपथ हालत में मिला। उनके पेट पर 35 सेंटीमीटर लंबा गहरा घाव था। इस हत्या का आरोप उसकी पत्नी विमला देवी पर लगा है।
वारदात के बाद आरोपी पत्नी विमला देवी ने छत से नीचे छलांग लगा दी, जिसे पुलिस ने इलाज के दौरान हिरासत में ले लिया है। यह खौफनाक मामला कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र का है। पुलिस सूत्रों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, राजेश का पेट लगभग 35 सेंटीमीटर तक कटा हुआ था और घाव इतना गहरा था कि अंदरूनी अंग बाहर आ गए थे।
शव से गायब दाहिनी किडनी
कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी पुलिस थाने के एसएचओ (SHO) सुरेंद्र सिंह ने बताया, “आरोपी महिला ने पति की आंतें निकालकर एक लिफाफे में रख ली थीं। ऐसा अंदेशा है कि वह उन्हें कहीं गायब करने की फिराक में थी।” जांच से जुड़े सूत्रों का यह भी दावा है कि शरीर के अंदरूनी हिस्सों से लिवर का कुछ हिस्सा और दाहिनी किडनी गायब पाई गई है। पुलिस ने मौके से अलग-अलग आकार के तीन चाकू बरामद किए हैं।
किराए के मकान में रहता था यूपी का दंपति
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले का रहने वाला यह दंपति पिछले एक साल से कुरुक्षेत्र में किराए पर रह रहा था। राजेश पेहोवा रोड स्थित एक वॉटर ट्रेडिंग कंपनी में पानी की सप्लाई का काम करता था। मकान मालिक रिंकू ने स्थानीय मीडिया को बताया कि शनिवार शाम करीब 5 बजे उसने कमरे से चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनीं। जब वह छत पर पहुंचा तो देखा कि राजेश गंभीर हालत में खून से लथपथ पड़ा हुआ था।
छत से कूदी आरोपी पत्नी, अस्पताल में भर्ती
पति पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला करने के बाद विमला देवी ने इमारत की छत से नीचे छलांग लगा दी। गिरने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे, लेकिन इस जघन्य हत्याकांड के पीछे की असल वजह का अभी खुलासा नहीं हो पाया है।
एसएचओ सुरेंद्र सिंह के अनुसार, पुलिस को शनिवार शाम पति-पत्नी के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। जब टीम मौके पर पहुंची तो राजेश की मौत हो चुकी थी। हत्या के कारणों का पता महिला से पूछताछ के बाद ही चल सकेगा। जरूरत पड़ने पर पुलिस कोर्ट से उसकी रिमांड मांगेगी।
फिलहाल पुलिस आरोपी पत्नी के स्वस्थ होने का इंतजार कर रही है ताकि उससे पूछताछ कर हत्या के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
यह भी पढ़ें: ‘तुम्हारी हर हरकत पर नजर है…’, कश्मीरी पंडितों को फिर मिली धमकी, पत्र में निजी जानकारी तक शामिल
करीब 6 कश्मीरी पंडितों के नाम लेते हुए पत्र में जम्मू के अलग-अलग हिस्सों में उनके रहने की जगहें बताई गई हैं और उन्हें दिल्ली में अपने मालिकों के लिए काम करने वाले ‘व्हाइट कॉलर टेररिस्ट’ और ‘देशद्रोही’ बताया गया है। पत्र में उन कश्मीरी पंडितों के बीच फर्क करने की कोशिश की गई है जो घाटी से प्रवासी नहीं हुए यह कहते हुए कि वे सुरक्षित हैं और कोई भी उनके खिलाफ नहीं है और जो प्रवासी हुए हैं। साथ ही वे लोग भी इसमें शामिल हैं जो कश्मीर में RSS का एजेंडा लागू करने की कोशिश कर रहे हैं। पढ़िए पूरी खबर…
